
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी आईआईटी (IIT) दिल्ली ने प्रौद्योगिकी और एआई नेतृत्व (TAILP) में एक एडवांस प्रोग्राम शुरू किया है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य उभरते टेक्नोलॉजी लीडर्स को AI-ड्रिवन दुनिया में आत्मविश्वास के साथ लीडरशिप के लिए जरूरी स्किल से लैस करना है। पाठ्यक्रम में बिज़नेस के लिए एआई और मशीन लर्निंग, डिजिटल परिवर्तन, ब्लॉकचेन और मेटावर्स जैसी उभरती हुई तकनीकें जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागी हकीकी दुनिया की प्रौद्योगिकी चुनौतियों का सामना और इसे लागू करने के लिए एक निर्देशित कैपस्टोन परियोजना पर काम करेंगे।
आईआईटी-दिल्ली में दो दिवसीय कैम्पस इमर्शन में प्रतिभागियों को संकाय के साथ जुड़ने, साथियों के साथ सहयोग करने और नेतृत्व कौशल को निखारने तथा एआई-संचालित व्यावसायिक वातावरण की समझ बढ़ाने के लिए आयोजित कार्यशालाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, पाठ्यक्रम में एक कैपस्टोन परियोजना भी शामिल है, जो प्रतिभागियों को वास्तविक दुनिया की प्रौद्योगिकी मूल्यांकन चुनौतियों का समाधान करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी।
इसके लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (10+2+3) या डिप्लोमा धारक (केवल 10+2+3) आवेदन करने के पात्र हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर, 2024 है। सात महीने लंबा यह प्रोग्राम 15 जनवरी से शुरू होगा और इसकी फीस 1.69 लाख रुपये + जीएसटी होगी। इसके सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्रतिभागियों को आईआईटी दिल्ली से प्रमाण पत्र दिया जाएगा।




Add comment