
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्कूल से लौट रही एक पांचवीं कक्षा की छात्रा को अगवा कर होटल ले जाकर गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता के अनुसार सरोजिनी नगर में रहने वाली पांचवीं कक्षा की 14 वर्षीय एक छात्रा छुट्टी होने के बाद स्कूल से घर लौट रही थी कि तभी रास्ते में कार सवार दानिश और अमीन नाम के युवकों ने लड़की का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने छात्रा को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और कृष्णा नगर स्थित एक होटल में ले जाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के पिता के मुताबिक युवकों ने वारदात के दौरान घटना का कथित रूप से वीडियो भी बनाया और किसी को बताने पर नाबालिग लड़की को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में आरोपी युवक पीड़ित छात्रा को घर के पास छोड़कर भाग गये।
कृष्णा नगर के सहायक पुलिस आयुक्त विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि इस सम्बन्ध में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नामजद अभियुक्तों में से एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और इस मामले में एक होटल का सीसीटीवी फुटेज भी लिया गया है।




Add comment