Edinbox Hindi

मुंबई और पुणे में भारी बारिश से हाल बेहाल, स्कूल-कॉलेज बंद; IMD की चेतावनी जारी

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों के लिए मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार (26 सितंबर) को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इन इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र के कई शहरों में भारी बारिश के कारण हालात चिंताजनक हैं। सड़कों पर जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुंबई, पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है।मुंबई के कई हिस्सों में बुधवार की दोपहर से ही बारिश जारी है। ऐसे में मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश के अलर्ट के बीच स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। मुंबई पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। रेलवे परिचालन भी प्रभावित हुआ है। 

स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने मुंबई में भारी बारिश के कारण अवकाश घोषित कर दिया है। इसके बाद बीएमसी ने आदेश जारी करते हुए कहा, छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएमसी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूल और कॉलेज गुरुवार को बंद रहेंगे। मुंबई पुलिस ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर कहा, “मुंबईवासियों से अनुरोध है कि वो जरूरी होने पर ही घर से निकलें।” मुंबई पुलिस ने नागरिकों से घर के अंदर ही रहने की अपील करते हुए किसी भी आपात स्थिति में 100 नंबर डायल करने को कहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र के रायगड, रत्नागिरी के अलावा कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पूर्वी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक, बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायलसीमा, गुजरात क्षेत्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र , कर्नाटक के कुछ हिस्सों और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश के आसार हैं।  

पुणे जिला कलेक्टर डॉ. सुहास दिवासे ने मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान और बुधवार को लगातार हुई बारिश के बाद कहा, बृहस्पतिवार को पुणे शहर और पिंपरी चिंचवड़ में सभी स्कूलों और कॉलेजों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि आईएमडी ने पुणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नागरिकों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed