
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने यूपीपीएससी समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती 2023 (UPPSC RO ARO) परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया है। आयोग ने नोटिस जारी कर यह जानकारी साझा की है। इस परीक्षा का आयोजन 22 दिसंबर, 2024 को किया जाना प्रस्तावित है।
जारी नोटिस के अनुसार, अब आरओ-एआरओ परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा का एक ही प्रश्न पत्र होगा। पहले सामान्य अध्ययन और हिंदी के दो अलग-अलग प्रश्न पत्र होते थे। लोक सेवा आयोग ने बताया कि हिंदी प्रश्न पत्र को सामान्य अध्ययन के साथ ही करवाया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को पुनः परीक्षा केंद्र आने की आवश्यकता नहीं होगी बल्कि सामान्य अध्ययन के साथ ही हिंदी के प्रश्न पत्र को जोड़कर अभ्यर्थियों से संपूर्ण प्रश्न पत्र के रूप में पूछा जाएगा। एक प्रश्न पत्र में ही सामान्य अध्ययन 140 और हिंदी के 60 प्रश्न होंगे। साथ ही अब दो की जगह तीन घंटे की परीक्षा होगी।
इस परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के कुल 200 (160 सामान्य अध्ययन + 60 हिंदी) प्रश्न होंगे। परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी। प्रत्येक प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है, यानी एक प्रश्न सही करने पर एक अंक दिया जाएगा। इस प्रश्न-पत्र को हल करने के लिए उम्मीदवारों को तीन घंटे की अवधि का समय मिलेगा। वहीं, मुख्य परीक्षा योजना में आयोग द्वारा किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
आरओ-एआरओ की प्रारंभ परीक्षा का पेपर 11 फरवरी को लीक हो गया था, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने आंदोलन शुरू कर दिया था। प्रारंभिक जांच में भी पेपर लीक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद, आयोग ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया। आयोग के कैलेंडर में यह परीक्षा 22 दिसंबर को प्रस्तावित है।




Add comment