Edinbox Hindi

पतंजलि विश्वविद्यालय को उच्च अंकों के साथ नैक से मिला ए+ ग्रेड, बना सर्वोच्च रेटिंग वाला योग कॉलेज  

पतंजलि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NCC) द्वारा उच्च अंकों के साथ ए+ ग्रेड प्रदान किया गया है, जिससे यह भारत में सर्वोच्च रेटिंग वाला योग विश्वविद्यालय बन गया है। नैक द्वारा मूल्यांकन का परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को संबोधित किया। स्वामी रामदेव ने इस बात पर जोर दिया कि पतंजलि विश्वविद्यालय की स्थापना का प्राथमिक उद्देश्य एक सक्षम युवा शक्ति का विकास करना है जो भारत को एक समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाएगा।

स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्राचीन वैदिक ज्ञान एवं आधुनिक विज्ञान का एकीकरण एवं समन्वय है जिससे भारत की समग्र प्राचीन ज्ञान परम्परा एवं संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके। उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा अधिकाधिक नौकरी केंद्रित हो गई हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पतंजलि विश्वविद्यालय का उ‌द्देश्य युवाओं में जीवन और समाज के हर क्षेत्र में नेतृत्व परक गुणों का विकास करना है। पतंजलि विश्वविद्यालय की समस्त शैक्षणिक गतिविधियों का उद्देश्य ऐसे युवाओं को शिक्षित करना है जो राष्ट्र को नई दिशा प्रदान करने के साथ ही वैश्विक धरातल पर भी पूरी मानवता का नेतृत्व कर सकें। 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना एक विशेष उद्देश्य के लिए की गई है, जिसे ध्यान में रखते हुए इससे जुड़े सभी लोगों को अपेक्षित मानदंडों का पालन करना चाहिए। किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति को अंतिम नहीं मानना चाहिए बल्कि उसके संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है। 

भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा में वैश्विक मानकों के अनुसार युवाओं के व्यक्तित्व का विकास करना है, जिससे जिम्मेदार और उत्पादक नागरिक तैयार हों, जिसका लाभ देश और दुनिया को मिले। उन्होंने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय वैश्विक मानकों के अनुसार आदर्श व्यक्तित्व विकसित करने के लिए एक आदर्श संस्थान है।

केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डा० श्रीनिवास वरखेडी ने कहा कि यद्यपि पतंजलि विश्वविद्यालय वास्तव में NAAC की A++ की अहर्ता रखता है, चूंकि प्रथम मूल्यांकन में सामान्यतः थोड़ी न्यूनता रखकर ही मूल्यांकन किया जाता है, अतः पतंजलि विश्वविद्यालय को NAAC की A+ श्रेणी मिली है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed