
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट 2024 में घोषित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के प्रति कैंडिडेट्स की भारी संख्या में रूचि देखने को मिली है। इस इंटर्नशिप योजना के लिए समर्पित पोर्टल पर आवेदन के लिए 12 अक्टूबर को शाम 5 बजे पंजीकरण विंडो खोली गई थी। रिपोर्ट के अनुसार 24 घंटे के भीतर ही 1.55 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इसके लिए आवेदन कर दिया जबकि सरकार ने इस योजना के लिए 1.25 लाख कैंडिडेट्स का लक्ष्य तय किया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविवार को पोर्टल पर पंजीकृत उम्मीदवारों की संख्या 1,55,109 हो गई थी। बता दें कि योजना के पायलट प्रोजेक्ट के लिए 1.25 लाख उम्मीदवारों का ही लक्ष्य रखा गया था। हालांकि पंजीकरण करने वाले कैंडिडेट्स की संख्या इससे कही अधिक पार कर गई। बता दें कि इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.pminternship.mca.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन करने वालों की आयु 21-24 वर्ष होनी चाहिए। पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत इंटर्नशिप 2 दिसंबर से शुरू होगी। इस योजना के तहत, एक इंटर्न को 12 महीने के लिए 5,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता और 6,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान मिलेगा।
शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पिछले सप्ताह पोर्टल ने तेल, गैस और ऊर्जा, यात्रा और आतिथ्य तथा ऑटोमोटिव सहित 24 क्षेत्रों में 80,000 से अधिक अवसर जोड़े हैं। मंत्रालय ने बताया, “पोर्टल आधार-आधारित पंजीकरण और बायोडाटा जनरेशन जैसे उपकरणों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में इंटर्नशिप तक कुशल पहुंच सुनिश्चित करता है।” योजना के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत 800 करोड़ रुपये आंकी गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट 2024 में घोषित इस योजना का उद्देश्य 12 महीनों के लिए भारत की शीर्ष 500 कंपनियों में इंटर्नशिप करने का अवसर प्रदान करना है।




Add comment