
दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर स्थित राव कोचिंग IAS स्टडी सर्कल में 3 UPSC छात्रों की मौत के मामले में CBI ने अपनी जांच के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट में 6 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। CBI ने इन आरोपियों पर आपराधिक साजिश और गैर इरादतन हत्या के आरोप लगाए हैं। हालांकि CBI ने इस मामले में एसयूवी ड्राइवर मनोज कथूरिया को आरोपी नहीं बनाया है।
सीबीआई के आरोप पत्र में बनाये गए 6 आरोपी उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने कोचिंग सेंटर की अवैध गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की। सीबीआई का आरोप है कि इनकी लापरवाही के कारण ही यह दुर्घटना हुई, जिसमें कई छात्रों की जान गई थी। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में परविंदर सिंह, तजिंदर सिंह, हरविंदर सिंह और सरबजीत सिंह, राव कोचिंग IAS स्टडी सर्कल के CEO अभिषेक गुप्ता और कोचिंग समन्वयक देशपाल सिंह को आरोपी बनाया है।
वहीं सीबीआई ने मामले मे एसयूवी ड्राइवर मनोज कथूरिया को आरोपी नहीं बनाया है। जांच एजेंसी ने कथूरिया के खिलाफ आपराधिक आरोपों को रद्द कर दिया था। हालांकि पुलिस का कहना था कि मनोज कथूरिया तेज गाड़ी चला रहा था, जिस की वजह से कोचिंग सेंटर का गेट टूट गया था।
गौरतलब है कि जुलाई में दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में राव आईएएस स्टडी सर्किल कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी में अचानक बारिश का पानी भर गया था जिससे 3 लोगों की मौत हो गई थी। ये लोग पानी भरने के चलते बाहर नहीं निकल सके थे, जिसकी वजह से इनकी मौत हो गई थी। मरने वालों में एर्नाकुलम के नवीन दलविन, उत्तर प्रदेश की श्रेया यादव और तेलंगाना की तान्या सोनी शामिल थीं।
इस घटना से चारों तरफ हड़कंप मच गया था। छात्रों ने कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं इस मामले को लेकर जमकर राजनीति भी हुई थी। घटना के बाद बेसमेंट को सील कर दिया गया था। दिल्ली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक एसयूवी ड्राइवर समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। हाईकोर्ट ने दो अगस्त को इस मामले को दिल्ली पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दिया था जिसके बाद एंजेंसी जांच कर रही थी।




Add comment