
संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी (UPSC) ने फरवरी 2025 में होने वाली इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) की प्रीलिम्स और मेन्स एग्जाम को स्थगित करने का फैसला किया है। बदले गए शेड्यूल के मुताबिक, अब इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा का प्रीलिम्स 8 जून 2025 को और मेन्स एग्जाम 10 अगस्त 2025 को आयोजित किया जाएगा। आयोग ने इसके संबंध में एक आधिकारिक नोटिस ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी किया है।
साथ ही यूपीएससी ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2025 के लिए आवेदन विंडो को भी दोबारा खोलने का फैसला लिया है। इसके तहत, इस एग्जाम के लिए अब 22 नवंबर, 2024 तक एप्लीकेशन फाॅर्म स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद आवेदन फॉर्म में करेक्शन के लिए मौका दिया जाएगा। आवेदन करने से चूक गए इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के पास बेहतरीन मौका है कि वे अब पोर्टल पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट https://upsc.gov.in पर जाकर अप्लाई करना होगा।
आयोग के आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि ERMS को ESE 2025 में शामिल करने के सरकार के निर्णय को ध्यान में रखते हुए 9 अक्टूबर से ओपन होने वाली करेक्शन विंडो पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। आयोग ने 18 अक्टूबर को इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2024 के लिए एप्लीकेशन विंडो को फिर से ओपन भी कर दिया। माना जा रहा है कि रजिस्ट्रेशन विंडो फिर से ओपन करने की वजह से ही एग्जाम के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (आइआरएमएस) में भर्ती सिविल सेवा परीक्षा (यातायात, लेखा और कार्मिक सब- कैडर के लिए) और ईएसई (सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिग्नल और दूरसंचार तथा स्टोर सब- कैडर के लिए) दोनों माध्यम से होगी।
गौरतलब है कि संघ लोक सेवा आयोग की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा, 2025 (ईएसई, 2025) के लिए अधिसूचना 18 सितंबर 2024 को जारी की गई थी, जिसके लिए आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2024 थी। इसके अगले दिन से करेक्शन विंडो ओपन होनी थी जो नहीं हुई। अब आयोग ने ईएसई परीक्षा 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो फिर से ओपन कर दी है। अब इसके लिए आवेदन 22 नवंबर तक चलेंगे। 23 से 29 नवंबर तक 7 दिनों के लिए करेक्शन विंडो ओपन किया जाएगा।




Add comment