
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने परीक्षा में नकल के चलते राजस्व अधिकारी और अधिशाषी अधिकारी (आरओ/ईओ) भर्ती परीक्षा 2022 को रद्द कर दिया है। यह आरपीएससी आरओ/ईओ भर्ती परीक्षा 14 मई, 2023 को आयोजित की गई थी। आरपीएससी को दी गई एसओजी की रिपोर्ट के बाद आयोग ने इस भर्ती परीक्षा में नकल की बात को माना है। परीक्षा रद्द होने के बाद अब आरपीएससी द्वारा इस भर्ती के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की तरफ से आरपीएससी आरओ/ईओ भर्ती परीक्षा का आयोजन 111 रिक्तियों के लिए किया जाएगा। 14 मई को हुई परीक्षा में 196483 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण किया था, जिसमें से पात्रता जांच एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद केवल 311 उम्मीदवार ही इस परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सके थे।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि, 14 मई, 2023 को नया शहर पुलिस थाना, बीकानेर में मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद 8 अगस्त 2023 को चालान प्रस्तुत किया गया था। इस चालान में परीक्षा केंद्रों पर एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ब्लूटूथ के जरिए की गई नकल के बारे में जानकारी दी गई थी।
नोटिस में कहा गया है कि, “परीक्षा के आयोजन के दौरान ही परीक्षा शुचिता एवं गोपनीयता भंग होने की पुष्ट जानकारी उपरान्त राजस्व अधिकारी ग्रेड-II एवं अधिशासी अधिकारी वर्ग-IV स्वायत शासन विभाग प्रतियोगी परीक्षा, 2022 (परीक्षा दिनांक- 14.05.2023) निरस्त। समस्त आवेदित अभ्यर्थियों की निकट भविष्य में पुन: होगी परीक्षा।”
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राजस्व अधिकारी ग्रेड-II एवं अधिशासी अधिकारी वर्ग-IV प्रतियोगी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है लेकिन सरकारी नौकरी के लिए होने वाली इस परीक्षा की नई तारीखों को अभी जारी नहीं किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि दिवाली के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में ही इस परीक्षा के लिए नई तिथियों की घोषणा आयोग की तरफ से की जाएगी।




Add comment