
उत्तर प्रदेश के ललितपुर ज़िले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षामित्र पर ‘बैड टच’ का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ़्तार कर क़ानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालाँकि अभियुक्त ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
घटना तालबेहट थाने में आने वाले गाँव मधपुरा की है। यहाँ एक सरकारी स्कूल की बच्चियों ने महिला शिक्षकों से बताया कि शिक्षामित्र उनको ग़लत तरीक़े से छूते हैं। इस शिकायत के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया है। शिक्षा विभाग ने जाँच के लिए अलग से ज़िला स्तरीय कमेटी बनाई है। स्कूल की प्रिंसिपल सुषमा रिछारिया के मुताबिक़ कुछ बच्चियों ने महिला शिक्षकों से इस तरह की हरकत की शिकायत की थी।
दरअसल जब स्कूल की महिला शिक्षकों ने बच्चियों को बैड टच और गुड टच के बारे में जानकारी दी, तब ये मामला सामने आया। प्रिंसिपल ने अभियुक्त शिक्षामित्र के ख़िलाफ़ छात्राओं की शिकायत को गंभीर मानते हुए 18 अक्तूबर को इसकी शिकायत खंड शिक्षा विभाग से की।
इसके बाद 22 अक्तूबर को अतिरिक्त बेसिक शिक्षा अधिकारी अपनी टीम के साथ और ग्राम प्रधान ख़ुद जाँच के लिए स्कूल पहुँचे थे। शिक्षा अधिकारी की जाँच में भी छात्राओं के बयान में अंतर नहीं आया। शिक्षा विभाग के अधिकारी समर सिंह गौर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसके लिए विभाग ने ज़िला स्तर पर एक कमेटी जाँच के लिए घटित की है।
हालाँकि गाँव के प्रधान रूप सिंह यादव का कहना है कि जाँच के दौरान अभियुक्त ने कहा था कि वो बच्चों को ये बताने की कोशिश कर रहे थे कि वो दुलार के लिए ऐसा करते हैं लेकिन एक बच्ची ने आरोप लगाया कि वो ग़लत हरक़त करते थे।
इस आरोप के बाद 22 अक्तूबर को शिक्षा विभाग ने अभियुक्त शिक्षामित्र को स्कूल से हटाकर ब्लॉक स्तर के केंद्र पर तैनात कर दिया था। इस मामले में ज़िला स्तर पर कमेटी गठित की गई है और कमेटी की जाँच रिपोर्ट का इंतज़ार है।
पुलिस के क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार ने जानकारी दी कि अभियुक्त की गिरफ़्तारी के बाद पुलिस की जाँच चल रही है। पुलिस के मुताबिक इस गाँव के सरकारी स्कूल की कई बच्चियों ने स्कूल के शिक्षामित्र पर ग़लत तरीक़े से छूने की शिकायत ग्रामीणों से की थी। इस घटना से ग़ुस्साए ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर स्कूल के शिक्षामित्र के ख़िलाफ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर अभियुक्त शिक्षक को गिरफ़्तार कर लिया गया और जाँच चल रही है।




Add comment