
दिल्ली के लेडी श्री राम (एलएसआर) कॉलेज के गुरुवार को आयोजित वार्षिक दीपावाली मेले के उर्दू नाम ने विवाद को जन्म दे दिया है, क्योंकि दक्षिणपंथी समर्थकों ने संस्थान पर हिंदू त्योहार के उत्सव का “इस्लामीकरण” करने का आरोप लगाया है।
एलएसआर का नेशनल सर्विस स्कीम (एनएसएस) प्रभाग पिछले कई वर्षों से ‘नूर’ नाम के वार्षिक दीपावली मेले का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम में जागरूकता और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गैर-लाभकारी संगठनों के साथ सहयोग किया जाता है।
इस साल आधिकारिक थीम ‘नज़्म-ए-बहार: भीतर के प्रकाश की प्रार्थना’ थी। एक पोस्टर के अनुसार, इस साल के मेले का उद्देश्य “छोटे उद्यमियों और महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों” को सबके सामने लाना था।
हालांकि, इस थीम ने सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी पैदा की, जिसमें कई उपयोगकर्ताओं ने एलएसआर से ‘नूर’ शब्द को ‘दीवाली’ से बदलने का आग्रह किया।
कर्नाटक के तीन कार्यकर्ताओं ने भी गुरुवार को प्रिंसिपल सुमन शर्मा को पत्र लिखकर कॉलेज पर आरोप लगाया कि उन्होंने कार्यक्रम के पोस्टरों से दीवाली शब्द को “पूरी तरह से हटा दिया” है।
यह ईमेल भाजपा के पूर्व आर्थिक प्रकोष्ठ सदस्य सिंहराणा शार्वा, अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रभारी विजय बी.जी. और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी रोहित एन. ने लिखा था।
इसमें कहा गया था: “दीपावली शब्द को पूरी तरह से हटा दिया जाना, जिसे सार्वभौमिक रूप से प्रकाश के त्योहार के रूप में मान्यता प्राप्त है, ने काफी भ्रम और असंतोष को जन्म दिया है… ‘नूर’ शब्द का उपयोग करना, जिसका अर्थ अन्य सांस्कृतिक परंपराओं से अधिक निकटता से जुड़ा हुआ है, केवल भ्रम को और गहरा करता है। यह सवाल उठाता है कि क्या यह कार्यक्रम वास्तव में दीपावली मनाने के लिए है या यह ‘प्रकाश’ की आड़ में किसी अन्य त्योहार को बढ़ावा दे रहा है।”
कार्यक्रम का एक पोस्टर साझा करते हुए, दक्षिणपंथी इन्फ्लुएंसर शेफाली वैद्य ने एक्स पर लिखा, “इसलिए एलएसआर ने जानबूझकर #deepawali शब्द को छोड़कर, और इसे नूर कहकर यह #deepawali का इन्विटेशन भेजा है। वे कॉलेज का नाम क्यों नहीं बदल देते? मेरा मतलब है कि श्री राम क्यों? उसका भी उर्दूकरण करना ‘धर्मनिरपेक्षता’ के अनुरूप होगा!”
कुछ एक्स यूजर्स ने बताया कि पिछले साल कॉलेज ने लाइफ को सेलिब्रेट करने के लिए ‘जश्न-ए-आभा’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया था।
एक ने लिखा, “हां, यह लेडी श्री राम कॉलेज, डीयू का दीवाली उत्सव कार्यक्रम है। क्या आपको दीवाली शब्द मिला? दीवाली अब नूर बन गई है, उत्सव को नज़्म-ए-बहार कहा जाता है। पिछले साल उन्होंने इसका नाम ‘जश्न-ए-आभा’ रखा था। पहले उन्होंने हिंदुओं को इसे मनाने से रोकने की कोशिश की, जब वे असफल रहे, तो इसका इस्लामीकरण करना शुरू कर दिया,”
हालांकि, नाम न बताने की शर्त पर कई फैकल्टी सदस्यों और छात्रों ने इस आलोचना को “अनावश्यक” बताया और ज़ोर देकर कहा कि पिछले कई सालों से वार्षिक दीवाली कार्यक्रम का शीर्षक ‘नूर’ रहा है।




Add comment