
प्रीति चंद्रशेखर को मुंबई स्थित भारतीय एक्चुअरीज संस्थान यानी इंस्टीट्यूट ऑफ एक्चुअरीज ऑफ इंडिया (IAI) का नया अध्यक्ष नियुक्त क्या गया है। यह पहली बार है कि IAI को कोई महिला अध्यक्ष मिला है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में एमफिल किया है और एक प्रमाणित पेंशन बीमांकक हैं।
इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उनकी व्यापक पृष्ठभूमि ने आईएआई को डेटा विज्ञान, जलवायु वित्त और आर्थिक पूर्वानुमान जैसे उभरते क्षेत्रों में अपनी भूमिका मजबूत करने में मदद की, जिससे सदस्यों को बाजार की बढ़ती मांगों को पूरा करने में सक्षम बनाया गया।
34 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाली प्रीति चंद्रशेखर को बीमा और पेंशन जैसे क्षेत्रों में उनके असाधारण योगदान के लिए जाना जाता है। संस्थान की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जोखिम प्रबंधन और परामर्श के मामले में भी उन्हें उनके मजबूत नेतृत्व के लिए पहचाना जाता है। वे IAI की 11वीं अध्यक्ष हैं।
अपनी नियुक्ति पर बोलते हुए प्रीति चंद्रशेखर ने कहा, “इस महत्वपूर्ण समय में भारतीय एक्चुअरीज संस्थान के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। जैसा कि हम आगे देखते हैं, मैं जलवायु वित्त, आर्थिक लचीलापन और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उभरती चुनौतियों का समाधान करने में एक्चुअरीज की भूमिका को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। साथ मिलकर हम अपने सदस्यों को विभिन्न क्षेत्रों में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए सशक्त बनाएंगे, जिससे भारत के अधिक लचीला और टिकाऊ भविष्य में योगदान मिलेगा।”
उल्लेखनीय है कि आईएआई देश में एक्चुअरीज के लिए एकमात्र पेशेवर निकाय है जो बीमांकिक बाज़ार की अस्थिरता से लेकर जलवायु परिवर्तन तक जटिल जोखिमों का आकलन करता है और लचीली वित्तीय रणनीतियाँ विकसित करता है। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रीति चंद्रशेखर के नेतृत्व में, आईएआई जोखिम और वित्तीय स्थिरता पर महत्वपूर्ण सलाहकारों के रूप में एक्चुअरीज यानी बीमांकिकों को और सशक्त बनाएगा, जो भारत के आर्थिक लचीलापन और सतत विकास में योगदान देगा।




Add comment