Edinbox Hindi

‘अयोग्यता’ विवाद के बीच गोखले संस्थान के कुलपति अजीत रानाडे ने पद से दिया इस्तीफा

अर्थशास्त्री अजीत रानाडे ने पुणे स्थित गोखले इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स (GIPE) के कुलपति (VC) के पद से “व्यक्तिगत कारणों” से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके इस्तीफे का मतलब यह नहीं है कि वे इस पद के लिए “अयोग्य” हैं। 

रानाडे की वाइस चांसलर के रूप में नियुक्ति सितंबर से ही चर्चा में है, जब उन्हें GIPE के पूर्व चांसलर, दिवंगत बिबेक देबरॉय द्वारा गठित एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी द्वारा यह पता लगाने के बाद पद से हटा दिया गया था कि उनकी उम्मीदवारी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियमों का उल्लंघन करती है। हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें राहत दे दी थी। 

न्यायालय द्वारा उनके निष्कासन पर रोक लगाने के कुछ समय बाद ही प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष देबरॉय ने इस्तीफा दे दिया था और अर्थशास्त्री संजीव सान्याल ने 6 अक्टूबर को चांसलर का पदभार संभाला था। 

22 अक्तूबर को, जीआईपीई के नवनियुक्त चांसलर संजीव सान्याल ने रानाडे को कुलपति पद से हटाने का आदेश वापस ले लिया था, जिससे उन्हें इस पद पर बने रहने की अनुमति मिल गई। रानाडे ने 29 अक्तूबर को सान्याल को संबोधित अपने त्याग पत्र में कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से जीआईपीई के कुलपति का पद छोड़ रहे हैं।

रानाडे ने पत्र में कहा, “कृपया ध्यान दें कि यह इस्तीफा पत्र किसी भी तरह से अक्तूबर 2021 में कुलपति के रूप में मेरी नियुक्ति में किसी दोष या अयोग्यता को स्वीकार करने का संकेत नहीं देता है।”

उन्होंने संस्थान का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए जीआईपीई के प्रबंधन बोर्ड, सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी (एसआईएस-संस्थान की मूल संस्था) के ट्रस्टियों और कॉलेज स्टाफ को भी धन्यवाद दिया।

एसआईएस द्वारा 1930 में स्थापित जीआईपीई, देश में अर्थशास्त्र का सबसे पुराना अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed