
जेईई एडवांस (JEE Advanced 2025) में शामिल होने के लिए प्रयासों की संख्या को बढ़ा दिया गया है। अब छात्र तीन बार जेईई एडवांस की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। पहले स्टूडेंट्स को सिर्फ दो बार एग्जाम में शामिल होने के अनुमति थी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर (IITK) ने आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in. पर भारतीय और विदेशी नागरिकों के लिए जेईई एडवांस्ड 2025 पात्रता मानदंड (JEE Advanced 2025 Eligibility Criteria) की घोषणा की है। इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा एडवांस्ड (JEE Advanced 2025) का आयोजन आईआईटी कानपुर द्वारा किया जाएगा।
आईआईटी कानपुर जल्द ही जेईई एडवांस्ड 2025 की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा तिथि, पंजीकरण प्रक्रिया, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न, पाठ्यक्रम, अंकन योजना आदि से संबंधित विस्तृत सूचना बुलेटिन जारी करेगा। जेईई मेन (JEE Mains 2025) उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड 2025 में उपस्थित होने के लिए पात्र होंगे। यह परीक्षा आईआईटी में प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी।
जेईई एडवांस्ड 2025 के लिए पात्रता मानदंड में सिर्फ प्रयासों की अधिकतम सीमा में बदलाव किया गया है। हालांकि, उम्मीदवारों को प्रत्येक मानदंड को पूरा करना आवश्यक है। उम्मीदवारों को बीई, बीटेक के लिए जेईई मेन 2025 पेपर 1 में शीर्ष 2,50,000 सफल उम्मीदवारों (सभी श्रेणियों सहित) में से एक होना चाहिए। उम्मीदवारों का जन्म 1 अक्तूबर 2000 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी गई है। एक अभ्यर्थी लगातार तीन वर्षों में अधिकतम तीन बार जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा दे सकता है।
अभ्यर्थी को अनिवार्य विषयों के रूप में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के साथ वर्ष 2023 या 2024 या 2025 में पहली बार कक्षा 12वीं (या समकक्ष) परीक्षा में उपस्थित होना चाहिए। जो अभ्यर्थी 2022 या उससे पहले पहली बार कक्षा 12वीं (या समकक्ष) परीक्षा में उपस्थित हुए थे, वे जेईई एडवांस्ड 2025 में उपस्थित होने के पात्र नहीं हैं। यदि कक्षा 12वीं (या समकक्ष) के संबंधित बोर्ड ने शैक्षणिक वर्ष 2021-22 के लिए 21 सितंबर, 2022 को या उसके बाद परिणाम घोषित किए हैं, तो उस बोर्ड के उम्मीदवार भी जेईई एडवांस 2025 में उपस्थित होने के पात्र हैं, बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता मानदंडों को पूरा करते हों।
बता दें कि जेईई मेन्स में सफल शीर्ष रैंक वाले 2.50 लाख कैंडिडेट हर साल जेईई एडवांस की परीक्षा में शामिल होते हैं।




Add comment