Edinbox Hindi

एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े अभ्यर्थी, पेपर लीक के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन 

राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर रविवार दोपहर से गोपालपुरा स्थित हिम्मत नगर में दो युवक पानी की टंकी पर चढ़ हुए हैं। दोनों युवकों ने वीडियो जारी कर राज्य सरकार से भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग की।

गौरतलब है कि राजस्थान सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक का मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग के कई उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले की जांच कर रही स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप ने उच्च अधिकारियों की गिरफ्तारी तक की सिफारिश की है। इसके बावजूद सरकार की ओर से परीक्षा रद्द नहीं किए जाने पर अभ्यर्थियों में आक्रोश है।

इसी के चलते जयपुर में अभ्यर्थियों ने उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटे से अभ्यर्थी पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वार्ता की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि SOG की चार्जशीट में स्पष्ट किया गया है कि पेपर लीक हुआ था और इस मामले में कई अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। ऐसे में वे चाहते हैं कि सरकार परीक्षा को रद्द करे और नई परीक्षा आयोजित करे।

सूचना पर डीसीपी (पूर्व) तेजस्विनी गौतम, एडिशनल डीसीपी आशाराम चौधरी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सूचना पर सिविल डिफेंस टीम ने टंकी के नीचे चारों तरफ जाल लगाया। टंकी पर चढ़ने वाला लादूराम गोदारा नागौर और विकास विधूड़ी टोंक निवासी है। दोनों युवकों ने टंकी से एक बैनर भी लटकाया। उसमें लिखा था कि एसआइ भर्ती रद्द क्यों नहीं की गई।

डीसीपी तेजस्वी गौतम ने टंकी पर चढ़े एक छात्र विकास विधुड़ी से मोबाइल पर बातचीत भी की। हालांकि अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन पिछले कई महीनों से चल रहा है और अभ्यर्थी इसे लेकर काफी संघर्ष कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने इस मामले में अभ्यर्थियों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जब सरकार द्वारा गठित जांच कमेटी और कई मंत्री भी इस परीक्षा को रद्द करने की सिफारिश कर रहे हैं, तो सरकार अब तक इस पर निर्णय क्यों नहीं ले रही। पायलट ने सरकार पर “कन्फ्यूजन और असंवेदनशीलता” का आरोप लगाया है और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं युवाओं में अविश्वास पैदा कर रही हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed