Edinbox Hindi

UPPCS परीक्षा को लेकर प्रयागराज में पुलिस और छात्रों के बीच जबरदस्त नोकझोंक-हाथापाई, स्थिति तनावपूर्ण

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के पीसीएस-2024 (प्रारंभिक) व आरओ-एआरओ-2023 (प्रारंभिक) परीक्षा दो दिवस में कराने के निर्णय पर विवाद गहराता जा रहा है। दो दिवसीय परीक्षा और नॉर्मलाइजेशन के विरोध में प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों का आज चौथे दिन भी प्रदर्शन जारी है। इसी के तहत आज भी सैकड़ों छात्र यूपी लोक सेवा आयोग के गेट पर धरना करने पहुंचे। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बैरिकेड तोड़ दिए। बबैरिकेड तोड़कर अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के गेट पर पहुंच गए। 

आज सुबह 8:00 बजे धरनास्थल पर अचानक पुलिस फोर्स पहुंची और कुछ छात्रों को घसीट कर ले गई। इनमें छात्र नेता आशुतोष पांडे भी शामिल हैं जो उसे वक्त धरने का नेतृत्व कर रहे थे। इस खींचतान में धरने पर बैठी कई छात्राएं चोटिल भी हो गईं। तमाम पुलिस कर्मी बिना वर्दी के थे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सामने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और छात्रों के बीच जबरदस्त नोकझोंक और हाथापाई हुई। स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई।

धरना प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि पुलिस छात्रों को घसीट कर ले गई। इनमें तमाम पुलिसकर्मी बिना वर्दी के थे। उनका कहना है कि उनके साथ कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। छात्राओं के साथ अभद्रता भी हुई है। अब छात्राओं ने ही मोर्चा संभाल लिया है और धरने का खुद नेतृत्व कर रही हैं। धरना स्थल के चारों तरफ बैरिकेडिंग और ज्यादा कर दी गई है। छात्र पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

छात्र दोनों परीक्षाओं को दो दिन कराए जाने को लेकर विरोध कर रहे हैं और साथ ही नो नॉर्मलाइजेशन लागू करने की भी मांग कर रहे हैं। आयोग के इस फैसले के खिलाफ ही छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया है। छात्रों की मांग है कि एक दिन एक शिफ्ट और नो नॉर्मलाइजेशन के तहत दोनों परीक्षाएं ली जाएं। अपनी इस मांग के चलते सभी छात्र आयोग के पास धरने दे रहे हैं। पुलिस को परिस्थिति पर काबू करने की कोशिश में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। 

दूसरी ओर, आयोग सात-आठ दिसंबर को प्रस्तावित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा कराने पर अडिग है। आयोग ने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए चयनित प्रदेश के 41 जिलों के जिलाधिकारियों को परीक्षा संबंधी दिशा निर्देश भी जारी कर दिया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित तारीखों पर आयोजित होगी। परीक्षा प्रयागराज समेत राज्य के 41 जिलों में दो सत्रों (प्रातः 9:30-11:30 बजे और अपराह्न 2:30-4:30 बजे) में होगी। परीक्षाओं के आयोजन की तैयारियों को लेकर 21 नवंबर को आयोग में बैठक भी बुलाई गई है। इसमें आयोग ने जिलाधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed