
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) ने गेट परीक्षा यानी ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE 2025) का आधिकारिक टाइम टेबल यानी शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 1, 2, 15 और 16 फरवरी 2025 को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट gate2025.iitr.ac.in पर गेट 2025 परीक्षा का पूरा शेड्यूल चेक और डाउनलोड कर सकते हैं। गेट 2025 एप्लिकेशन फॉर्म में करेक्शन करने की डेडलाइन आगे बढ़ा दी गई है। अब उम्मीदवार 20 नवंबर तक फॉर्म में बदलाव या सुधार कर सकते हैं। हालांकि अलग-अलग जानकारी को एडिट करने के लिए उम्मीदवारों को फीस भी देना होगा। उम्मीदवारों को ऑफिशियल वेबसाइट goaps.iitr.ac.in पर जाकर आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकते हैं।
गेट 2025 ऑफिशियल शेड्यूल के अनुसार गेट परीक्षा का आयोजन फरवरी 2025 में किया जाएगा। गेट 2025 परीक्षा 1, 2, 15 और 16 फरवरी को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरे पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। गेट परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को आईआईटी (IIT), एनआईटी (NIT), आईआईएससी (IISc) और कई अन्य जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में मास्टर प्रोग्राम (M.Tech, ME और MS) में प्रवेश दिया जाएगा।
अगले साल भी गेट परीक्षा में कुल 30 टेस्ट पेपर शामिल होंगे। हालांकि अभ्यर्थी केवल एक या दो टेस्ट पेपर में शामिल हो सकते हैं। गेट की परीक्षा में एमसीक्यू (MCQ), एमएसक्यू (MSQ) और एनएटी (NAT) प्रकार के प्रश्न शामिल होंगे।




Add comment