Edinbox Hindi

टॉपर्स की सूची नहीं जारी करेगा सीबीएसई बोर्ड, मेरिट सूची की भी नहीं होगी घोषणा 

छात्र केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई (CBSE) कक्षा 10 और 12 के लिए 2025 की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी होने का इंतज़ार कर रहे हैं। सीबीएसई बोर्ड ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द इसकी घोषणा कर दी जाएगी। इस बीच सीबीएसई ने यह घोषणा की है कि इस बार भी वह बोर्ड परीक्षा के लिए छात्रों की मेरिट सूची और डिवीजनवार अंक जारी नहीं करेगा। बोर्ड टॉपर्स की सूची और छात्रों के डिवीजन की घोषणा भी नहीं करेगा। बता दें कि सीबीएसई बोर्ड ने पिछली बार भी ये जानकारी साझा नहीं की थी।

गौरतलब है कि बोर्ड पिछले कुछ वर्षों से मेरिट सूची की घोषणा नहीं कर रहा है। इस फैसले का उद्देश्य छात्रों के बीच ‘अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा’ से बचना है। बोर्ड परिणामों के लिए मेरिट सूची जारी नहीं करने का निर्णय पहली बार महामारी प्रेरित लॉकडाउन के दौरान लिया गया था जब छात्रों के परिणाम ऑनलाइन परीक्षाओं में प्राप्त अंकों का उपयोग करके तैयार किए गए थे। इस वर्ष भी बोर्ड छात्रों को कोई डिवीजन या डिस्टिंक्शन नहीं देगा। 

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025 में बैठने वाले छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। उम्मीदवारों को प्रत्येक विषय को व्यक्तिगत रूप से उत्तीर्ण करने के साथ-साथ कुल मिलाकर 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। सीबीएसई ने एक अधिसूचना भी जारी की है जिसमें उसने छात्रों और शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा 2025 के संबंध में सोशल मीडिया पर चल रही फर्जी खबरों के बारे में चेताया है। बोर्ड परीक्षा 2025 के लिए पाठ्यक्रम में 15 प्रतिशत की कटौती और ओपन बुक परीक्षा आयोजित करने का हवाला देने वाली खबरों को खारिज करते हुए, सीबीएसई ने कहा कि आगामी वर्ष के लिए परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 

माना जा रहा है कि कक्षा 10 और 12 के लिए 2025 की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी, 2025 से शुरू हो सकती हैं। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed