
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। परीक्षाएं 15 फरवरी, 2025 से शुरू होंगी। कक्षा 10 की परीक्षाएं 18 मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं 4 अप्रैल, 2025 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की डेटशीट सीबीएसई बोर्ड के आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in. पर देखी जा सकती है। वेबसाइट पर डेटशीट पीडीएफ प्रारूप में उपलब्ध है।
बोर्ड द्वारा जारी डेटशीट के मुताबिक ये परीक्षाएं हर दिन सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। बोर्ड ने कहा, “सीबीएसई ने 15 फरवरी 2025 से परीक्षाओं के आयोजन के लिए डेटशीट तैयार कर दी है। यह सुनिश्चित किया गया है कि दोनों कक्षाओं में हर दो विषयों की परीक्षा के बीच पर्याप्त अंतर दिया गया है।” सीबीएसई ने आगे बताया, “डेटशीट 40,000 से अधिक सब्जेक्ट कॉम्बिनेशंस को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी छात्र द्वारा चुनी गई दो परीक्षाएं एक ही तारीख पर न पड़ें।”
इस वर्ष, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025 भारत के 8,000 स्कूलों और विदेशों के 26 अन्य देशों के 44 लाख से अधिक छात्रों के लिए आयोजित की जाएगी । CBSE बोर्ड परीक्षा 2025 में बैठने के लिए छात्रों की न्यूनतम 75% उपस्थिति होनी चाहिए।
सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी को शुरू होगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट सुबह 10.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। पहले दिन (15 फरवरी को) अंग्रेजी संचार/अंग्रेजी भाषा और साहित्य विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा की समाप्ति 18 मार्च को सूचना प्रौद्योगिकी की परीक्षा के साथ होगी।
सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी को शुरू होगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट सुबह 10.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। पहले दिन (15 फरवरी को) फिजिकल एजुकेशन विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा की समाप्ति 4 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा के साथ होगी।
यह पहली बार है जब सीबीएसई ने परीक्षा शुरू होने से 86 दिन पहले डेटशीट जारी की है। 2024 के मुकाबले यह डेटशीट 23 दिन पहले जारी की गई है। एएनआई के हवाले से सीबीएसई ने इस बात पर जोर दिया कि, “2024 की तुलना में, इस साल डेटशीट 23 दिन पहले जारी कि गई है। यह स्कूलों द्वारा समय पर एलओसी जमा करने के कारण संभव हुआ है।”




Add comment