
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस भर्ती परीक्षा में करीब 174316 उम्मीदवार पास हुए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को दिसंबर के तीसरे सप्ताह में दस्तावेजों का परीक्षण और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। फिलहाल 60244 पदों पर भर्ती के लिए ढाई गुना अभ्यर्थियों (1,74,316) को चयनित किया गया है। जो उम्मीदवार यूपी पुलिस कांस्टेबल 2024 परीक्षा में उपस्थित हुए थे, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://uppbpb.gov.in पर जाकर अपने नतीजे चेक कर सकते हैं।
मेडिकल परीक्षण पास करने के बाद उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इन दस्तावेजों में शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि शामिल हो सकते हैं। अंतिम चयन के बाद उम्मीदवारों को पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
बता दें कि यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त, 2024 को 67 जिलों के 1,174 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इससे पहले, यह परीक्षा 17 और 18 फरवरी को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया था।परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी 30 अक्तूबर को जारी की गई थी और 9 नवंबर तक डाउनलोड के लिए उपलब्ध थी। यूपीपीआरपीबी ने पाया कि अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई 70 आपत्तियां सही थीं और तदनुसार अंतिम उत्तर कुंजी को संशोधित किया गया था।




Add comment