Edinbox Hindi

मणिपुर में स्कूल-कॉलेज खोलने का फैसला रद्द, फ़िलहाल बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान; नया आदेश हुआ जारी

मणिपुर में हिंसा की ताजा घटनाओं के मद्देनजर सोमवार से स्कूल और कॉलेज को खोलने का जारी आदेश रद्द कर दिया गया है। बता दें कि इंफाल घाटी और जिरीबाम जिले में हिंसा की घटनाओं के बाद पिछले सप्ताह से कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए थे। इंफाल घाटी और जिरीबाम में स्कूल, कॉलेज सोमवार को फिर से खुलने वाले थे लेकिन उसे दो दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है।

गौरतलब है कि शिक्षा निदेशालय-स्कूल की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया था कि ‘राज्य के सभी स्कूलों (सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी और केंद्रीय स्कूल समेत) में 25 नवंबर से सामान्य कक्षाएं फिर से शुरू होंगी।’ लेकिन अब उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग ने राज्य में सरकारी और निजी स्कूल खोलने को लेकर नया आदेश जारी किया है। इस नए आदेश में इंफाल घाटी और जिरीबाम जिले में सभी स्कूल और कॉलेजों को 27 नवंबर तक बंद रखने का फैसला हुआ है।   

राज्य में ताजा हिंसा के मद्देनजर जारी निषेधाज्ञा के कारण पिछले सप्ताह इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर, काकचिंग और जिरीबाम में स्कूल और कॉलेज बंद थे। अब इसे दो दिनों के लिए और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। 

वहीं, इंफाल घाटी में विधायकों के आवासों पर 16 नवंबर को हुई तोड़फोड़ और आगजनी मामले में अब तक कुल 41 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed