Edinbox Hindi

छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाता था स्पोर्ट्स टीचर, हुआ गिरफ्तार 

पंजाब के मोहाली में एक शिक्षक द्वारा गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार और कलंकित करने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, मोहाली फेज-6 स्थित एक नामी प्राइवेट स्कूल में प्री-प्राइमरी बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाकर उनसे अश्लील हरकत करने वाले खेल शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खेल शिक्षक पर कक्षा 5 की छात्राओं को कथित तौर पर अश्लील वीडियो दिखाने और उन्हें अनुचित तरीके से छूने के आरोप हैं। सभी छात्राएं 10 साल से कम उम्र की हैं। 

दरसअल, बच्चों के परिजनों ने स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर मंदीप सिंह पर यह संगीन आरोप लगाए हैं। अब तक पांच बच्चों के परिवार वाले ने इस सम्बन्ध में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित बच्चियों के पैरेंट्स में से एक के पिता ने कहा कि उनकी बेटी कुछ दिनों से परेशान थी। जब उससे पूछा गया तो उसने बताया कि उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। क्योंकि उसके स्पोर्ट्स टीचर ने छात्राओं को स्कूल परिसर के बेसमेंट में बुलाया और उसे अनुचित तरीके से छुआ। यहां तक कि टीचर ने उसे चूमने का भी प्रयास किया। 

आरोपी स्कूल टीचर के मोबाइल में अश्लील वीडियो का डेटा है और उसने चार घंटे में 130 बार अश्लील फिल्में देखी हैं। पुलिस द्वारा स्कूल टीचर का मोबाइल सर्च करने के बाद यह खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि स्पोर्ट्स टीचर बच्चियों को बेसमेंट में ले जाकर बैड टच करता है और अश्लील वीडियो दिखाकर उन्हें वैसा करने को कहता है, जैसा वीडियो में दिखाया गया है। 

मोहाली के एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO अधिनियम की धारा 10 (गंभीर यौन उत्पीड़न) और 12 (यौन उत्पीड़न) एवं BNS की धारा 74 सहित कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कूल टीचर से पूछताछ की और प्रिंसिपल के भी बयान दर्ज किए। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।  

पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय आरोपी मोहाली के मनौली का रहने वाला है और निजी स्कूल में खेल शिक्षक के तौर पर काम करता है। अभिभावकों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले पर स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि हम ऐसे मामलों में बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करते हैं, शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और कानून अपना काम कर रहा है।  

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed