Edinbox Hindi

ऑस्ट्रेलिया जाकर पढ़ना हुआ महंगा! छात्र वीजा शुल्क 710 से बढ़कर हुआ 1600 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर

ऑस्ट्रेलिया ने अंतरराष्ट्रीय छात्र वीजा शुल्क एक जुलाई से 710 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से बढ़ाकर 1,600 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कर दिया है। इससे ऑस्ट्रेलिया जाकर पढ़ाई करने का सपना रखने वाले छात्रों के लिए अपने सपने को साकार करना थोड़ा मुश्किल हो गया है। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उनसे पूछा गया था कि क्या यह सच है कि ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में छात्र वीजा शुल्क में पिछली राशि के दोगुने से अधिक की वृद्धि की है। 

मंत्री से यह भी पूछा गया कि यदि ऐसा है, तो क्या भारत सरकार ने छात्र वीजा शुल्क कम करने के लिए ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया है? सिंह ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया सरकार ने 1 जुलाई 2024 से अंतरराष्ट्रीय छात्र वीजा शुल्क 710 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से बढ़ाकर 1,600 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर कर दिया है। छात्रों से संबंधित अन्य मुद्दों के साथ-साथ इस मामले को ऑस्ट्रेलियाई सरकार के संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है”।

मंत्री ने आगे कहा कि वीजा शुल्क में वृद्धि से ऑस्ट्रेलिया में अपनी पढ़ाई जारी रखने के इच्छुक भारत के छात्रों सहित अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए वित्तीय चुनौतियां उत्पन्न होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें आर्थिक, शैक्षणिक और लोगों के बीच संबंध शामिल हैं। मंत्रालय ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रहे भारत के छात्रों से संबंधित मामलों को ऑस्ट्रेलिया सरकार के साथ उठाता और उनका अनुसरण करता रहता है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed