Edinbox Hindi

मणिपुर के छात्रों ने की चुराचांदपुर जिले में यूजीसी-नेट परीक्षा का केंद्र बनाने की मांग

मणिपुर हिंसा के बीच वहां के छात्रों ने यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर अपनी आवाज उठाई है। दरअसल, कुकी छात्र संगठन ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) से मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में यूजीसी-नेट परीक्षा का केंद्र बनाने की मांग की है। 

कुकी छात्र संगठन के शिक्षा सचिव थांगमोई हाओकिप ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की सीनियर डायरेक्टर (परीक्षा) डॉ. साधना परासर को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने छात्रों की समस्याओं के बारे में बताया है। उनका कहना है कि हिंसा ने छात्रों को मुश्किल में डाल दिया है, क्योंकि ऐसे हालात में इम्फाल पहुंच कर यूजीसी-नेट की परीक्षा देना न सिर्फ मुश्किल है बल्कि खतरनाक भी है। यही वजह है कि छात्र परीक्षा के लिए एक सुरक्षित विकल्प की मांग कर रहे हैं, जहां वो चैन और सुकून से परीक्षा दे सकें। 

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा 1 जनवरी से 19 जनवरी 2025 के बीच आयोजित करेगा। यह परीक्षा देशभर के 350 से भी अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी जिसके लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले जारी किए जाएंगे।वैसे अभी यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। आवेदन करने की लास्ट डेट 10 दिसंबर है और एप्लिकेशन करेक्शन विंडो 12-13 दिसंबर को खोला जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार यूजीसी नेट की ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन साल में दो बार जून और दिसंबर में किया जाता है। यह एक अर्हता परीक्षा है, जिसके जरिए देशभर के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में जूनियर रिसर्च फेलोशिप और सहायक प्रोफेसर के पदों पर भर्ती होती है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास मास्टर डिग्री या समकक्ष परीक्षा में 55 फीसदी अंक (ओबीसी नॉन क्रीमी लेयर/एससी/एससी और दिव्यांग कैंडिडेट्स के लिए 50 फीसदी) होने चाहिए। 

इस परीक्षा में दो पेपर होते हैं, पेपर I और पेपर II ।  पेपर I में सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति और शिक्षण क्षमता से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं, जबकि पेपर II में आपके सब्जेक्ट से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। इस बार की परीक्षा में एक बदलाव किया गया है यानी परीक्षा में दो नए विषयों डिजास्टर मैनेजमेंट और आयुर्वेद बायोलॉजी को शामिल किया गया है। अब कुल 85 विषयों के लिए यूजीसी नेट परीक्षा होगी। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed