
बिहार की राजधानी पटना में आज हजारों अभ्यर्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी कार्यालय के बाहर आंदोलन किया। अभ्यर्थी 70वीं सिविल सेवा परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन का विरोध कर रहे थे। आयोग के पास पहुंचे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थी बीपीएससी कार्यालय की तरफ जाना छह रहे थे, लेकिन पुलिस ने अभ्यर्थियों को वहां जाने से रोक दिया। जब अभ्यर्थियों ने पुलिस का विरोध किया तो पुलिस ने उन अभ्यर्थियों पर लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस ने अभ्यर्थियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस घटना से वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। अभ्यर्थियों की मांग थी कि नॉर्मलाइजेशन लागू नहीं होना चाहिए। वहीं उन्होंने वन शिफ्ट- वन पेपर की मांग की है। इस घटना में कई अभ्यर्थी चोटिल हुए हैं।
इस मामले में बीपीएससी के सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि नॉर्मलाइजेशन लागू नहीं होगा। इसको लेकर अफवाहें उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आयोग को बदनाम करना चाहते हैं। प्रश्नों के चार सेट का इस्तेमाल होगा। सभी सीट अलग-अलग रंग के होंगे। वही परीक्षा में किसी एक ही सेट को इस्तेमाल किया जाएगा।
दरअसल, कुछ दिन पहले एक चिठ्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें बीपीएससी 70वीं में तीन प्रश्न पत्र सेट होने की बात कही जा रही है। जिसके बाद से ही अभ्यर्थी लगातार इसका विरोध किया। इसको लेकर छात्र नेता दिलीप ने कहा कि हमारी और सभी बीपीएससी सिविल सेवा के अभ्यर्थियों की एक ही मांग है कि एक सेट में क्वेश्चन दिया जाए। ।
बिहार लोक सेवा आयोग 2035 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित कर रही है। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 13 दिसंबर को है, जिसके लिए पूरे बिहार के कुल 36 जिलों में 925 परीक्षा केंद्रों बनाये गये हैं। वहीं पटना जिले में 60 से अधिक परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रारंभिक परीक्षा एक ही पाली में होगी। परीक्षा का समय दोपहर 12 से 2 बजे तक निर्धारित की गई है। इस परीक्षा में लगभग 4 लाख 80 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक सप्ताह पहले परीक्षा स्थल बताया जायेगा। फिर परीक्षा के तीन -चार दिन पहले शहर के परीक्षा केन्द्र की जानकारी दी जाएगी। बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का ई- एडमिट कार्ड 6 दिसंबर से डाउनलोड होगा। उम्मीदवार प्रवेश पत्र www. bpsc.bih.nic.in या www.onlinebpsc.bihar.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे।




Add comment