Edinbox Hindi

यूपी में एलटी ग्रेड और प्रवक्ता के खाली पदों को भरने की प्रकिया होगी शुरू, शिक्षक बनने का मिलेगा बड़ा मौका

यूपी के सरकारी स्‍कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को शिक्षक बनने का बड़ा मौका मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में एलटी ग्रेड व प्रवक्ता के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया इसी महीने पूरी की जाएगी। काफी समय से नियुक्ति के लिए प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को इसकी सूचना जारी की है।

दरअसल, प्रदेश में 2200 से अधिक राजकीय माध्‍यमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती का पेंच फंसा है। इन राजकीय स्‍कूलों में एलटी ग्रेड (प्रशिक्षित स्‍नातक और सहायक अध्‍यापक) के 7258 पदों पर भर्ती पिछले 6 सालों से अटकी है। वहीं, प्रवक्‍ता के 1647 पदों पर पिछले चार साल से भर्ती न‍हीं हो सकी है। कुल 8905 पदों पर भर्ती लंबे समय से अधर में अटकी पड़ी है। अब शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को माध्यमिक शिक्षा विभाग की सूचना से खुशखबरी मिली है।  

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि सहायक अध्यापक एलटी ग्रेड व प्रवक्ता के अवशेष सूची के अभ्यर्थियों की नियुक्ति व पदस्थापन की प्रक्रिया इसी माह एनआईसी के जरिये की जाएगी। अभ्यर्थियों से पांच विकल्प लेकर उनकी नियुक्ति व पदस्थापन किया जाएगा। विस्तृत कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। 

गौरतलब है कि वर्ष 2018 और 2020 से चल रही इस भर्ती में खाली पदों पर अवशेष सूची के अभ्यर्थी नियुक्ति के लिए काफी समय से संघर्ष कर रहे हैं। पिछले दिनों लोक सेवा आयोग ने शासन को इसके लिए सूची भेजी थी। शासन ने विभाग को इसकी औपचारिकता पूरी कर नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से नियुक्ति संबंधित सूचना जारी करने पर अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के मुताबिक, एलटी ग्रेड पुरुष वर्ग के 4785 पद और एलटी ग्रेट महिला वर्ग के लिए 2473 पद खाली हैं. वहीं, प्रवक्‍ता पुरुष वर्ग के लिए 817 पद और प्रवक्‍ता महिला वर्ग के लिए 830 पद खाली पड़े हैं, जिसका ब्‍योरा माध्‍यमिक शिक्षा विभाग ने आयोग को भेज दिया है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed