Edinbox Hindi

एनटीए ने जारी किया सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा का शेड्यूल, 16 फरवरी से होगी परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यानी सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा (CSIR NET 2024) दिसंबर का शेड्यूल घोषित कर दिया है। एनटीए के आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, सीएसआईआर यूजीसी नेट के लिए रजिस्ट्रेशन 9 दिसंबर से शुरू हो गए हैं।

इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.ac.in. पर जाकर दिसंबर सत्र की सीएसआईआर नेट परीक्षा का आवेदन पत्र भर सकते हैं। परीक्षा 16 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा के लिए पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है। हालांकि, शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। आवेदन सुधार विंडो 1 जनवरी से उपलब्ध होगी।

दिसंबर सत्र की सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा 16 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा 3 घंटे की अवधि के लिए ऑनलाइन आयोजित की जाएगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न शामिल होंगे। गलत उत्तरों के लिए नकारात्मक अंकन लागू होगा। 

पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आवेदन शुल्क का भुगतान अनिवार्य है। सामान्य उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,150 रुपये है, जबकि सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) उम्मीदवारों के लिए शुल्क 600 रुपये है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और विकलांग व्यक्ति (PWD) श्रेणियों के उम्मीदवारों को 325 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा।

इस परीक्षा के लिए पात्रता मानदंड में अभ्यर्थियों के पास बीटेक, बीई, बीफार्मा, एमबीबीएसबीएस (चार वर्ष) या इंटीग्रेटेड बीएस- एमएस, एमएससी की डिग्री होनी आवश्यक है, जिसमें सामान्य (यूआर, सामान्य-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी) के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (एससी, एसटी, तृतीय लिंग और पीडब्ल्यूडी के लिए 50 प्रतिशत) हों। 

उम्मीदवारों की आयु 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। एससी, एसटी, थर्ड जेंडर, पीडब्ल्यूडी, महिलाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा 5 वर्ष तक और ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 3 वर्ष तक बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, लेक्चरशिप (एलएस) या असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए आवेदन करने के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा नहीं है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed