
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट दिसंबर सेशन (यूजीसी नेट दिसंबर) के लिए रजिस्ट्रेशन डेट को एक दिन के लिए आगे बढ़ा दिया है। अब यूजीसी नेट दिसंबर सेशन 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन तारीख आज यानी 11 दिसंबर की रात 11.59 तक खुली रहेगी। ऐसे में वे उम्मीदवार जो अभी तक किसी भी कारणवश आवेदन नहीं कर सके हैं वे आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर जाकर एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं। एनटीए ने नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी।
आधिकारिक नोटिस में कहा गया, “नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को यूजीसी-नेट दिसंबर 2024 के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म सबमिट करने की अंतिम तारीख बढ़ाने के लिए उम्मीदवारों से विभिन्न अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं।”
एनटीए ने परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी एक दिन बढ़ा दी है। उम्मीदवार अब 12 दिसंबर तक यूजीसी नेट दिसंबर 2024 का आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 10 दिसंबर और शुल्क भुगतान की अंतिम तारीख 11 दिसंबर थी।
यूजीसी नेट 2024 दिसंबर सेशन परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए, सामान्य या अनारक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को 1,150 रुपये का रजिस्ट्रेशन फीस देना होगा। सामान्य-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल श्रेणियों से संबंधित लोगों को 600 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और विकलांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूडी) श्रेणियों के उम्मीदवारों को 325 रुपये का भुगतान करना होगा।
रजिस्ट्रेशन की समय सीमा बढ़ाने के साथ, NTA ने UGC NET दिसंबर 2024 परीक्षा के लिए आवेदन सुधार कार्यक्रम को भी अपडेट कर दिया है। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, उम्मीदवार अब 13, 14 दिसंबर को अपने UGC NET दिसंबर 2024 फॉर्म में करेक्शन कर सकेंगे।
यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा 1 से 19 जनवरी 2025 तक आयोजित होने वाली है। दिसंबर सेशन के लिए यूजीसी नेट 2024 परीक्षा 85 विषयों के लिए होगी, जिसमें जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति और पीएचडी प्रवेश के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित की जाएगी।




Add comment