Edinbox Hindi

बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा के नौवीं-दसवीं का रिजल्ट जारी, BPSC ने 15251 पदों पर दिया परिणाम

बिहार लोक सेवा आयोग ने तीसरे चरण के शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। दूसरे फेज में कक्षा नौवीं और दसवीं का रिजल्ट जारी किया गया है। बीपीएससी ने अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है। आयोग ने कुल 15251 पदों पर रिजल्ट जारी किया है। बीपीएससी के अनुसार, अंग्रेजी में 2961, हिन्दी में 2082, उर्दू में 807, बांग्ला में 30, संस्कृत में 968, पर्शियन में 14, अरबी में 14 विज्ञान में 3423, गणित में 2408, सामाजिक विज्ञान 2015, डांस 34, शारीरिक शिक्षा में 50, ललित कला में 38, मैथिली में 50, संगीत में 357 पदों पर रिजल्ट जारी किया है। टीजीटी शिक्षक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। नए रोस्टर के अनुसार, शिक्षा विभाग में नौवीं और दसवीं कक्षा में 19415 पदों पर वैंकेसी दी गई है। बाकी बचे रिजल्ट बाद में प्रकाशित किए जाएंगे। आयोग का कहना है कि जल्द ही 11वीं और 12वीं कक्षा का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा।

बता दें कि 15 नवंबर को बिहार लोक सेवा आयोग ने फर्स्ट फेज में वर्ग छह से आठ कक्षा के कुल छह विषयों के शिक्षकों के 16989 पदों पर रिजल्ट दिया था। वहीं वर्ग एक से पांच में तीन विषयों का रिजल्ट जारी किया गया है। इसमें कुल 21,911 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें सामान्य (शिक्षा विभाग) में 18,641, सामान्य (अनु. जाति-जनजाति कल्याण विभाग) 172, उर्दू 3, 054 और बांग्ला में 44 अभ्यर्थी पास हुए थे।

बीपीएससी ने टीआरई पुनर्परीक्षा 19 से 22 जुलाई 2024 तक आयोजित की थी। मूलतः यह परीक्षा मार्च में होने वाली थी, लेकिन पेपर लीक होने के कारण आयोग को परीक्षा रद्द करनी पड़ी तथा पुनः परीक्षा कराने का आदेश देना पड़ा। आयोग ने कहा कि पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से और बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हुई। शिक्षक भर्ती परीक्षा के बारे में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से टीआरई 3 के लिए वर्ग एक से पांच और वर्ग छह से आठ के नई वैकेंसी चार्ट जारी की गई थी। इसमें अनारक्षित श्रेणी की सीटों में इजाफा किया है। वैकेंसी संशोधित रोस्टर के अनुसार, अब 84 हजार 581 पदों पर भर्ती होनी है। पहले 87 हजार 774 पदों पर वैकेंसी निकली थी। 

बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग ने तीसरे चरण शिक्षक भर्ती का विज्ञापन 65 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर जारी किया था। पर, हाईकोर्ट ने 65 प्रतिशत आरक्षण को रद्द कर दिया। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट गया। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले पर विचार किया। हालांकि अब भी यह मामला सुप्रीम कोर्ट में ही है। लेकिन, बिहार सरकार ने बीपीएससी को 50 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर शिक्षक भर्ती का रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से दिए गए नए रोस्टर के अनुसार रिजल्ट जारी किया जा रहा है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed