
दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की टीम को चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी है। पुलिस ने जांच में पाया है कि राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम तीन स्कूलों को बम की धमकी भरे ईमेल उनके खुद के छात्रों द्वारा ही भेजे गए थे। बम की धमकी प्राप्त करने वाले कई स्कूलों में से एक वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल भी है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों एक के बाद एक कई बार दिल्ली के स्कूलों को ईमेल के ज़रिये बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी। जिन स्कूलों को बम की धमकी दी गई थी, उनमें कुछ नामी स्कूल भी हैं। जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी उनमें से एक वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल भी था, जिसे 28 नवंबर को रोहिणी प्रशांत विहार पीवीआर मल्टीप्लेक्स में रहस्यमय विस्फोट होने के एक दिन बाद एक धमकी भरा ईमेल मिला था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह ईमेल स्कूल में ही पढ़ने वाले भाई-बहनों ने भेजा था क्योंकि वे चाहते थे कि परीक्षा स्थगित कर दी जाए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों स्टूडेंट्स ने पूछताछ में बताया कि उन्हें यह आइडिया हाल के दिनों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने की घटनाओं से मिला। इसके बाद उन्होंने इस तरह की धमकी दी। हालांकि छात्रों के माता-पिता को वॉर्निंग देकर छात्रों को जाने दिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। वहीं दिल्ली पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रोहिणी और पश्चिम विहार स्थित दो और स्कूलों को उनके छात्रों द्वारा धमकी भरे ईमेल भेजे गए। कारण एक ही था – छात्र चाहते थे कि स्कूल बंद हो।
बता दें कि बीते शुक्रवार को भी दिल्ली के कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। पिछले दो सप्ताह में इस तरह की यह छठी घटना थी। हालांकि बम की धमकी मिलने के बाद तमाम प्रोटोकॉल का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षकर्मयों ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।




Add comment