
विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्र हों या कम आय वाले परिवारों की मेधावी छात्राएं या फिर एससी/एसटी तथा ओबीसी वर्ग के छात्र, उच्च शिक्षा के लिए इनको मिल रही है वित्तीय सहायता। इसके लिए इन्हें इन स्कॉलरशिप के लिए करना होगा आवेदन।
यूनिमोनी स्टूडेंट स्टार्स स्कॉलरशिप-2024
यूनिमोनी की ओर से स्टूडेंट स्टार्स स्कॉलरशिप-2024 की पेशकश की जा रही है। इसका उद्देश्य भारतीय छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। आवेदन करने के लिए जरूरी है कि आवेदकों ने सीबीएसई/आईसीएसई, यूजीसी/राज्य या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थानों से बारहवीं/डिप्लोमा/स्नातक में न्यूनतम 60% अंक प्राप्त किए हों। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले छात्रों के आवेदनों की प्रारंभिक जांच की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों का चयन अप्रैल-2025 के पहले सप्ताह में आयोजित लकी ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। स्कॉलरशिप के तहत चयनित पहले विजेता को पांच लाख रुपये, दूसरे विजेता को दो लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाले तीन विजेताओं को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। छात्रों के पास शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, विदेश की यूनिवर्सिटी का ऑफर लेटर, भारतीय पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज होने चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2025 है।
कोटक कन्या स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2024-25
कोटक महिंद्रा समूह और कोटक एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से कोटक कन्या स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2024-25 की पेशकश की जा रही है। इसका उद्देश्य कम आय वाले परिवारों की मेधावी छात्राओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि वे बारहवीं के आद व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर सकें। अगर आप 12वीं उत्तीर्ण छात्रा हैं और इंजीनियरिंग, एमबीबीएस, बीडीएस, पांच वर्षीय एकीकृत एलएलबी, बीफार्मेसी, बीएससी नर्सिंग, एकीकृत बीएस-एमएस/बीएस-रिसर्च, आईएसईआर, आईआईएससी व अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की इच्छा रखती हैं, तो इस स्कॉलरशिप में आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए जरूरी है कि आपने 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 फीसदी या उससे अधिक अंक अथवा समकक्ष सीजीपीए (सीजीपीए) प्राप्त किया हो। साथ ही, आवेदकों की वार्षिक पारिवारिक आय 6,00,000 रुपये से कम होनी चाहिए। चयनित छात्राओं को स्नातक पूरा होने तक प्रति वर्ष 1,50,000 रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी। आवेदकों के पास पिछले शैक्षणिक वर्ष की मार्कशीट, आय प्रमाण-पत्र, कॉलेज प्रवेश परीक्षा स्कोरकार्ड व अन्य निर्धारित दस्तावेज होने चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि 12 जनवरी, 2025 है।
मेरिट स्कॉलरशिप
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, दिल्ली की ओर से स्नातक, स्नातकोत्तर तथा डिप्लोमा करने वाले छात्रों के लिए मेरिट स्कॉलरशिप की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य एससी/एसटी तथा ओबीसी वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इस स्कॉलरशिप प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए छात्रों को दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य है। इसके अलावा, आवेदक भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मेडिकल, इंजीनियरिंग, फोरेंसिक साइस जैसे विषयों में स्नातक, साइंस में स्नातकोत्तर और डिप्लोमा के छात्र इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और आर्किटेक्चर आदि में अध्ययनरत होने चाहिए। छात्रों को अपनी पिछली कक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। आवेदकों की पारिवारिक वार्षिक आय सभी स्रोतों को मिलाकर 3,00,000 रुपये से कम होनी चाहिए। चयनित छात्रों को 24,000 रुपये तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। छात्रों के पास पिछली कक्षा के प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र व अन्य निर्धारित दस्तावेज होने चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई, 2025 है।




Add comment