
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा (UP Police Recruitment) को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी के एक जिले में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2024 (UP Police Constable Bharti) के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) की तारीखों में बदलाव किया है। अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) जनवरी के बजाय फरवरी में आयोजित की जाएगी। यह फैसला चयन प्रक्रिया को सुचारू और बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा को जनवरी के तीसरे सप्ताह में आयोजित करने की योजना बनाई थी। लेकिन अब इसे फरवरी में शिफ्ट कर दिया गया है। प्रयागराज में 28-30 जनवरी तक होने वाली परीक्षा अब 5-7 फरवरी के बीच आयोजित की जाएगी। इसके पहले चरण में, शारीरिक मानक परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन किया जा रहा है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 26 दिसंबर से शारीरिक मानक परीक्षण और दस्तावेजों की जांच शुरू हो चुकी है। 75 जिलों की रिजर्व पुलिस लाइंस में हर दिन करीब 5,000 अभ्यर्थियों की जांच की जा रही है।
भर्ती बोर्ड ने शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एडीजी) पीएसी से वाहिनियों में 400 मीटर ट्रैक की उपलब्धता की रिपोर्ट मांगी है। बोर्ड ने ट्रैक की स्थिति (सिंथेटिक या कच्चा) का ब्योरा 10 जनवरी तक देने का निर्देश दिया है ताकि परीक्षा का सही और सुचारू आयोजन हो सके।
भर्ती प्रक्रिया में अब तक तीन अभ्यर्थी अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पकड़े जा चुके हैं। इनमें एक महिला अभ्यर्थी को स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित होने का फर्जी प्रमाणपत्र जमा करने के आरोप में हापुड़ में गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण में सफल पाए जाने वाले उम्मीदवार यूपी पुलिस दौड़ में शामिल होंगे। दौड़ में पास होने के लिए पुरुष उम्मीदवारों 4.8 किमी की दौड़ 25 मिनट में लगानी होगी, जबकि महिला उम्मीदवारों को 14 मिनट में 2.4 किमी की दौड़ लगानी होगी। उम्मीदवार ध्यान दे, जो अपनी दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, वे इसके लिए योग्य नहीं होंगे।
उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल बनने के लिए सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति वर्ग की महिला उम्मीदवारों की ऊंचाई 152 सेमी होनी चाहिए। वहीं अनुसूचित जनजाति महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 147 सेमी होनी चाहिए।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती में सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जातियों के पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई न्यूनतम 168 सेमी होनी चाहिए, जबकि अनुसूचित जनजाति के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 160 सेमी होना आवश्यक है।
इसके अलावा पुरुष उम्मीदवारों का सीना बिना फुलाए हुए 79 और फुलाए जानें पर 84 सेमी होना चाहिए। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों का सीना बिना फुलाए हुए 77 सेमी और फुलाने के बाद 82 सेंटीमीटर होना चाहिए।
सबसे अंत में उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट से गुजरना होता है। इसमें अभ्यर्थियों की लंबाई, सीना और वजन के साथ, आंखों की रोशनी, हियरिंग, दांत और ओवरऑल शारीरिक फिटनेस की जांच की जाती है। इन सभी दौर से गुजरने के बाद फाइनल लिस्ट तैयार की की जाती है।




Add comment