
दिल्ली एनसीआर में जारी ठंड के प्रभाव के कारण स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया गया है। गौतमबुद्ध नगर के सभी स्कूलों में 8वीं कक्षा तक की पढ़ाई अब अगले आदेश तक 10 बजे से शुरू होगी। वहीं, दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ग्रैप (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) के लागू होने के कारण स्कूलों में कक्षाएं हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन और ऑनलाइन) में संचालित की जाएंगी। शीतकालीन अवकाश के बाद कक्षाएं शुरू होनी थीं, लेकिन प्रदूषण के कारण नौवीं और 11वीं कक्षा की कक्षाएं भी अब हाइब्रिड मोड में चलेंगी।
गौतमबुद्धनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ठंड के पूर्वानुमान के बाद 16 और 17 जनवरी को छुट्टी का फैसला लिया है। इसके बाद 18 जनवरी को शनिवार और 19 जनवरी को रविवार है। ऐसे में स्कूल 20 जनवरी तक खोला जा सकता है।
गाजियाबाद में कक्षा 8 तक के स्कूल पहले से 18 जनवरी तक बंद हैं, जबकि कक्षा 9 से 11 की कक्षाएं हाइब्रिड मोड में संचालित हो रही हैं। यह कदम बढ़ते प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छात्रों की सेहत को प्रभावित न किया जाए। इसी बीच, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी स्कूल 15 दिन की छुट्टियों के बाद फिर से खुल गए हैं।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों ने भीषण शीतलहर के कारण छात्रों के लिए स्कूल बंद (UP School Holiday) करने की घोषणा की है। बरेली में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने बुधवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी सरकारी, निजी और परिषदीय स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। इसी तरह बदायूं में जिलाधिकारी निधि श्रीवास्तव ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 15 और 16 जनवरी को दो दिन के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है। शाहजहांपुर में भी इसी तरह का आदेश जारी कर आठवीं कक्षा तक के स्कूल 16 जनवरी तक बंद रखे गए हैं।




Add comment