Edinbox Hindi

हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा में नकल करने वाले छात्रों की नहीं चेक होगी कॉपी, यूपी बोर्ड ने उठाया कदम

यूपी बोर्ड की 24 फरवरी से शुरू हो रहीं हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। यूपी बोर्ड ने परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए नियमों में बदलाव किया है। अब बोर्ड परीक्षा में नकल करने वाले छात्रों की कॉपी नहीं जांची जाएंगी, यानी उनकी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं होगा। यूपी बोर्ड ने  परीक्षाओं के दौरान होने वाली नकल रोकने के लिए पहली बार यह व्यवस्था की है।  

यूपी बोर्ड की ओर की ओर से कहा गया है कि नकल करने वाले परीक्षार्थी का परीक्षा परिणाम परीक्षा प्राधिकारी द्वारा नियम के तहत घोषित किया जाएगा। परीक्षा के दौरान रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे से लेकर वॉइस रिकॉर्डर लगाए गए हैं और सचल दस्ते भी बनाए जा रहे हैं।  

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने विज्ञत्ति जारी कर कहा है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसी खबरें फैलाई जा रही हैं कि नकल करने वाले छात्रों पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 के प्रावधान लागू नहीं होते हैं। अनुचित साधनों या फिर नकल के बाद भी परीक्षार्थियों पर आर्थिक जुर्माना और जेल भेजने की कार्रवाई नहीं होगी। यूपी बोर्ड सचिव ने कहा है कि ऐसी किसी भ्रामक सूचनाओं का कतई संज्ञान ना लें। भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।  

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 23 जनवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार प्रैक्टिकल परीक्षाओं मे नकल रोकने के लिए यूपी बोर्ड ने खास कदम उठाया है। प्रैक्टिकल परीक्षाओं की निगरानी के लिए सचल दलों का गठन किया गया है। ये सचल दल लिखित परीक्षा की तरह ही एग्जाम सेंटर्स पर निगरानी रखेंगे और परीक्षा के दौरान होने वाली गड़बड़ी व चीटिंग को रोकेंगे। सचल दलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षा व अधिकारी शमिल होंगे। डीआईओएस भी किसी एक दल का नेतृत्व करेंगे। पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 23 से 31 जनवरी तक और दूसरे चरण की 1 से 8 फरवरी तक चलेंगी।   

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed