
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2025 परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया है। बदलाव के तहत सेक्शन बी से वैकल्पिक प्रश्नों को हटा दिया है। यह बदलाव इसलिए किया गया क्योंकि कोविड-19 महामारी के दौरान अस्थायी रूप से वैकल्पिक प्रश्न जोड़े गए थे, जो अब हटाए जा रहे हैं।
संशोधित परीक्षा पैटर्न के अनुसार, अब उम्मीदवारों को 180 अनिवार्य प्रश्नों का उत्तर देना होगा। पहले, सेक्शन ए में 35 अनिवार्य प्रश्न और सेक्शन बी में 15 वैकल्पिक प्रश्न होते थे। अब, सेक्शन बी को हटा दिया गया है और सभी प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य होगा।
परीक्षा में फिजिक्स और केमिस्ट्री सेक्शन में प्रत्येक में 45-45 प्रश्न होंगे, जबकि बायोलॉजी सेक्शन में 90 प्रश्न होंगे। प्रत्येक सेक्शन 180 अंकों का होगा, जिससे कुल अंक 720 होंगे। छात्रों को इन 180 प्रश्नों का हल करने के लिए 180 मिनट (3 घंटे) का समय मिलेगा।
इससे पहले, एनटीए ने जेईई मेन 2025 परीक्षा से भी वैकल्पिक प्रश्नों को हटा दिया था। इसके साथ ही, एनटीए ने परीक्षा के तरीके और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में कई महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किए हैं। अब नीट यूजी परीक्षा ओएमआर आधारित पेन और पेपर मोड में एक ही दिन और शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, नीट यूजी परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को पहले एपीएएआर आईडी पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य बताया गया था, लेकिन हाल ही में एनटीए ने स्पष्ट किया कि अब नीट परीक्षा के लिए एपीएएआर आईडी अनिवार्य नहीं होगा।




Add comment