
मध्य प्रदेश में आज 30 जनवरी को एमपी बोर्ड द्वारा संचालित करीब 23 हजार प्राइवेट स्कूल बंद हैं। बता दें कि सरकार ने पहली से लेकर 8वीं तक मान्यता के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों में FD मान्यता शुल्क एवं रजिस्टर्ड किरायानामा जोड़ा गया है। इसी के विरोध में एमपी बोर्ड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने प्रदेशभर के स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है। इसके साथ ही अलग-अलग जगह स्कूल संचालक गांधी प्रतिमा पर जाकर ज्ञापन भी देंगे।
नवीन एवं मान्यता नवीनीकरण में नए नियम को लेकर एमपी बोर्ड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा विरोध जताया जा रहा है। एमपी बोर्ड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की सरकार से मांग है कि जो नए नियम बनाए गए हैं वह पहले से संचालित स्कूलों पर लागू न हो।
एमपी बोर्ड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल सोनी ने कहा कि सभी संगठनों ने फैसला लिया है कि 30 जनवरी को प्रदेश के सभी एमपी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे। पहली से 8वीं क्लास तक की मान्यता के नियम में जो रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट की बात की गई है, उस पर दोबारा विचार किया जाए। उसका समाधान किया जाए क्योंकि 31 जनवरी को मान्यता की आखिरी तारीख है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के संगठनों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिक्षा मंत्री और सीएम तक अपनी बात पहुंचा दी है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।




Add comment