Edinbox Hindi

बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा 1 फरवरी से, 5 फरवरी तक जूते-मोजे पहनने की अनुमति

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा 1 फरवरी 2025 से शुरू होने जा रही है। परीक्षा में अब सिर्फ दो दिन का समय शेष है, और इसी के मद्देनजर बोर्ड ने छात्रों के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए हैं।

बिहार बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को 1 से 5 फरवरी तक जूते-मोजे पहनकर परीक्षा केंद्र पर आने की छूट दी है। यह निर्णय ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। 5 फरवरी के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि बिहार बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में जूते-मोजे पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर आमतौर पर प्रतिबंध रहता है, लेकिन इस बार छात्रों की सुविधा को देखते हुए अस्थायी रूप से इसमें छूट दी गई है।

बिहार बोर्ड ने परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो 31 जनवरी से 15 फरवरी के बीच सक्रिय रहेगा। बोर्ड ने इस रूम के लिए नंबर भी शेयर किए हैं, जोकि इस प्रकार हैं- 0612-2232257 और 0612-2232227 है। परीक्षा संचालित होने के क्रम में कोई भी समस्या होने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचित किया जा सकेगा।

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 1 से 15 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी। वहीं, दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से संचालित की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा के लिए प्रवेश पहले ही जारी कर दिए हैं, छात्रों को एडमिट कार्ड पर मुद्रित परीक्षा से जुड़े अन्य निर्देश अवश्य पढ़ने चाहिए।  

परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि, वे निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर रिपोर्ट करें। एक बार गेट बंद होने के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा हॉल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed