
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT BHU) ने इस साल प्लेसमेंट में नया इतिहास रच दिया है। संस्थान ने 2.20 करोड़ रुपये के हाईएस्ट पैकेज के साथ अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले, 2021 में 2.15 करोड़ रुपये का अधिकतम पैकेज दर्ज किया गया था। यह उपलब्धि IIT BHU के पिछले 10 वर्षों के सबसे बेहतरीन प्लेसमेंट प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।
इस साल कुल 1128 छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट मिला है और 424 छात्रों ने इंटर्नशिप हासिल की है। इसके अलावा, एवरेज पैकेज में भी बढ़ोतरी देखी गई है, जो इस साल 22.80 लाख रुपये प्रति वर्ष तक पहुंच गया है। IIT BHU के निदेशक ने संस्थान की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इस साल के प्लेसमेंट परिणाम यह दर्शाते हैं कि IIT BHU एक प्रमुख संस्थान है जो इंडस्ट्री के लिए रेडी प्रोफेशनल्स तैयार कर रहा है।
आईआईटी BHU के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा, ‘हमारे छात्रों की प्रतिभा और संस्थान की अकादमिक व रिसर्च उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता ने शीर्ष कंपनियों को आकर्षित किया है।’
इस प्लेसमेंट सीजन में इंडस्ट्री की बड़ी कंपनियों ने भाग लिया। आईटी कंपनियों, कंसल्टिंग फाइनेंस और कोर इंजीनियरिंग क्षेत्रों के प्रमुख रिक्रूटर्स इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हुए। इस साल के प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 350 कंपनियां शामिल थीं, जिनमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, टाटा स्टील, अमेजन, डाटा ब्रिक्स, ITC, सैमसंग, ओरैकल, वॉलमार्ट और क्वालकॉम जैसी कंपनियां शामिल थीं। इन कंपनियों ने 2024 के लिए अपने प्लेसमेंट ड्राइव के लिए IIT BHU के छात्रों को चुना है।
इस साल IIT BHU के 11 छात्रों को 1 करोड़ रुपये से अधिक का पैकेज मिला है। IIT BHU के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि IIT BHU इंडस्ट्री के साथ साझेदारी को मजबूत करते हुए छात्रों को उत्कृष्ट करियर के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह उपलब्धि न केवल IIT BHU के छात्रों के लिए गर्व की बात है, बल्कि भारतीय तकनीकी शिक्षा के स्तर को भी वैश्विक मंच पर और मजबूत करती है।




Add comment