Edinbox Hindi

नीट यूजी के लिए अधिसूचना जारी, शुरू हुआ पंजीकरण; चार मई को होगी परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आज से नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET) 2025 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। नवीनतम अपडेट के अनुसार, छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in. के माध्यम से नीट यूजी परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।

उम्मीदवारों को पहले पंजीकरण करना होगा और फिर आवेदन पत्र भरना होगा। पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले उम्मीदवार आवेदन पत्र भर सकेंगे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, पंजीकरण प्रक्रिया 07 फरवरी से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 7 मार्च रात्रि 11.50 बजे तक आवेदन पत्र भरकर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। आवेदन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि भी 7 मार्च निर्धारित की गई है। आवेदन सुधार विंडो 9 से 11 मार्च के बीच खुली रहेगी।

चिकित्सा संस्थानों में स्नातक चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के लिए नीट यूजी 2025 परीक्षा का आयोजन 4 मई, 2025 को किया जाएगा। एनटीए 26 अप्रैल, 2025 को नीट यूजी परीक्षा के लिए शहर सूचना पर्ची जारी करेगा। पंजीकृत उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र 1 मई, 2025 को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

नीट यूजी 2025 के अंक और मेरिट सूची पूर्व की भांति BDS और BVSC & AH पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी लागू होगी। इसके अलावा, सभी चिकित्सा संस्थानों में भारतीय चिकित्सा पद्धति के प्रत्येक विषय यानी BAMS, BUMS और BSMS पाठ्यक्रमों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए और राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के तहत BHMS पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए भी लागू होगा।
 
नीट यूजी 2025 परीक्षा 13 भाषाओं यानी असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की जाएगी। परीक्षा पेन-पेपर प्रारूप में और केवल एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। 

NEET UG 2025 के लिए आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके पंजीकरण कर सकते हैं:
– neet.nta.nic.in पर जाएं और आवेदन पत्र लिंक पर क्लिक करें।
– व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें (नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, राष्ट्रीयता, श्रेणी, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, सुरक्षा कोड)।
– पासवर्ड बनाएं और सुरक्षा प्रश्न सेट करें (भविष्य के लॉगिन के लिए)।
– पंजीकरण पूरा होने पर अनंतिम आवेदन संख्या प्राप्त होगी, इसे सुरक्षित रखें।
– आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें।
-सभी विवरणों की पुनः जांच करें और आवेदन जमा करें।

NEET UG 2025 परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को 7 मार्च 2025 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। परीक्षा 4 मई 2025 को होगी और यह 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। सभी आवेदकों को यह सलाह दी जाती है कि वे समय पर पंजीकरण करें और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed