
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया है। आयोग ने यह निर्णय अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन के समय तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतों के बाद लिया है। इसी कारण UPSC ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 18 फरवरी 2025 कर दी है।
UPSC ने बताया कि अब ऑनलाइन आवेदन में कुछ प्रविष्टियों को एक बार संपादित करने की सुविधा दी गई है। हालांकि, वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रोफाइल कॉलम में कुछ महत्वपूर्ण विवरणों में संशोधन की अनुमति नहीं होगी, जिनमें नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम, माता का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी शामिल हैं।
मोबाइल नंबर में बदलाव की प्रक्रिया
यदि किसी उम्मीदवार की अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर तक पहुंच नहीं हो रही है, लेकिन ईमेल आईडी उपलब्ध है, तो वह मोबाइल नंबर बदलने का आवेदन कर सकता है। इसके लिए UPSC ईमेल आईडी पर एक OTP भेजेगा, जिसे दर्ज कर नया मोबाइल नंबर अपडेट किया जा सकेगा।
ईमेल आईडी में बदलाव की प्रक्रिया
यदि किसी अभ्यर्थी की पंजीकृत ईमेल आईडी तक पहुंच नहीं है, लेकिन मोबाइल नंबर उपलब्ध है, तो वह मोबाइल नंबर के माध्यम से ईमेल आईडी में बदलाव कर सकता है। इसके लिए मोबाइल पर OTP भेजा जाएगा, जिससे नया ईमेल अपडेट किया जा सकेगा।
मोबाइल नंबर और ईमेल दोनों उपलब्ध न होने पर क्या करें?
यदि उम्मीदवार अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दोनों तक पहुंच नहीं बना पा रहा है, तो उसे निम्नलिखित दस्तावेजों के साथ UPSC को ईमेल करना होगा:
– दसवीं का प्रमाणपत्र
– आधार कार्ड / पैन कार्ड / पासपोर्ट / ड्राइविंग लाइसेंस
– नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो
इन दस्तावेजों के साथ अभ्यर्थी को निर्धारित प्रारूप में निवेदन पत्र तैयार कर otrupsc@gov.in पर भेजना होगा।




Add comment