
राजस्थान के कोटा जिले में स्थित एक स्कूल में शनिवार को गैस रिसाव के कारण अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान स्कूल में कई छात्र मौजूद थे, जिनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सूचना के बाद बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना को लेकर प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटा के गड़ेपान स्थित स्कूल के पास चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल लिमिटेड (CFCL) की फैक्ट्री है, जहां से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। यह गैस स्कूल तक पहुंच गई, जिससे बच्चों को सांस लेने में समस्या होने लगी और कई बच्चे बेहोश होकर स्कूल के मैदान में गिरने लगे। कई बच्चों को उल्टियां भी हुईं।
घटना शनिवार दोपहर लगभग 11 बजे की है, जब फैक्ट्री के पास स्थित सरकारी स्कूल में गैस रिसाव हुआ। स्कूल की बाउंड्री से फैक्ट्री का गेट मात्र 500 मीटर की दूरी पर है। गैस रिसाव के बाद बच्चों को तुरंत CFCL फैक्ट्री के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉ. आरके शर्मा ने बताया कि 14 बच्चों और एक स्कूल स्टाफ को अस्पताल लाया गया। इनमें से 6 बच्चों को कोटा जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अब सभी की तबीयत स्थिर है।
घटना के बाद कोटा के कलेक्टर रवींद्र गोस्वामी, डीएसपी राजेश ढाका और अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि घटना सुबह 10:30 बजे के करीब हुई, जब कुछ छात्राएं पानी भरने के लिए स्कूल परिसर से बाहर गई थीं और वापस लौटने पर उन्हें घुटन महसूस हुई।
लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद ओम बिरला ने घटना पर प्रशासन से जानकारी ली और प्रभावित बच्चों को इलाज के लिए कोटा रेफर किया। इस बीच विधायक संदीप शर्मा और जिलाध्यक्ष राकेश जैन भी प्रभावित बच्चों की हालचाल जानने के लिए जेके लोन अस्पताल पहुंचे।




Add comment