
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने अपने सभी छात्रों को फर्जी पदाधिकारियों से सावधान रहने के लिए एक पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। विश्वविद्यालय को जानकारी मिली है कि कुछ लोग खुद को इग्नू के अधिकारी या कर्मचारी बताकर छात्रों से विभिन्न सर्विसेज के लिए संपर्क कर रहे हैं। ये लोग छात्रों से परीक्षा फीस, डुप्लिकेट ग्रेड कार्ड, डिग्री, ट्रांसक्रिप्ट, सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन, प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल फीस, री-इवैल्यूएशन, आंसर शीट की फोटोकॉपी आदि के लिए शुल्क मांग रहे हैं।
इग्नू ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे इन ठगों से बचकर रहें और किसी भी ऐसे व्यक्ति से पैसे न दें। विश्वविद्यालय ने कहा कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ठगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। यदि छात्र इन धोखाधड़ी गतिविधियों का शिकार होते हैं, तो इग्नू विश्वविद्यालय किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।
इसके अलावा, इग्नू ने अपनी फीस रिफंड पॉलिसी में बदलाव किए हैं। अब रजिस्ट्रेशन फीस वापस नहीं होगी। प्रवेश पक्का होने से पहले दी गई फीस ही वापस की जाएगी। यदि दाखिला पक्का होने के बाद एडमिशन कैंसल कराया जाता है, तो प्रोग्राम फीस का 15% (दो हजार रुपये तक) काटकर शेष राशि वापस की जाएगी। अगर छात्र ने इग्नू स्टडी मटेरियल की सॉफ्ट कॉपी ली है, तो रजिस्ट्रेशन फीस काटकर बाकी फीस लौटाई जाएगी। प्रोग्राम के लिए दाखिले की आखिरी तारीख के 60 दिन बाद फीस रिफंड नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, इग्नू ने जनवरी सेशन के लिए सभी अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा, और सर्टिफिकेट कोर्सों के लिए एडमिशन की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 15 फरवरी थी। छात्र ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए वेबसाइट ignouadmission.samarth.edu.in पर जा सकते हैं। बीएड और पोस्ट बेसिक कोर्स के लिए आवेदन 21 फरवरी 2025 तक किए जा सकते हैं, जिनके लिए एंट्रेंस एग्जाम होगा। इन दोनों कोर्सों का एंट्रेंस एग्जाम 16 मार्च 2025 को देशभर में आयोजित होगा।
इग्नू के रजिस्ट्रार, स्टूडेंट इवैल्यूएशन डिवीजन ने यह भी स्पष्ट किया कि इग्नू कभी भी किसी व्यक्ति को परीक्षा फीस या अन्य किसी भी फीस के लिए अधिकृत नहीं करता है। सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे कोई भी फीस केवल इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन मोड में ही जमा करें।




Add comment