Edinbox Hindi

बीपीएससी परीक्षा पुनः कराने की मांग को लेकर फिर सड़कों पर छात्र, खान सर बोले-दोबारा परीक्षा करवा कर रहेंगे

बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रीलिम्स परीक्षा के पुनः आयोजन की मांग को लेकर छात्रों का  पटना में फिर से विरोध प्रदर्शन हुआ। खान सर के नेतृत्व में हजारों छात्रों ने पटना के गर्दनीबाग में इकट्ठा होकर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्र परीक्षा को दोबारा आयोजित करने की अपनी मांग पर अड़े रहे।

विरोध प्रदर्शन के दौरान खान सर ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “हम इस जगह से बिना परीक्षा दोबारा कराए नहीं जाएंगे। सरकार को समझ लेना चाहिए कि अगर वह 2025 में जीतना चाहती है, तो छात्रों की मांग माननी ही होगी। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो ये छात्र कभी नहीं भूलेंगे। सरकार को हमारा फैसला मानना होगा और हम परीक्षा दोबारा कराकर रहेंगे।”

यह विरोध प्रदर्शन बीपीएससी की 70वीं परीक्षा के मामले में हो रहा है, जिसे लेकर छात्र और खान सर ने अदालत में भी याचिका दायर की है। पटना हाईकोर्ट में इस मामले की पहली सुनवाई 16 जनवरी को हुई थी, जिसमें सरकार को 30 जनवरी तक एफिडेविट पेश करने को कहा गया था। हालांकि, कोर्ट ने पीटी परीक्षा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इस मामले में 17 फरवरी को अगली अहम सुनवाई हो सकती है। प्रशांत किशोर समेत कई अन्य व्यक्तियों ने इस मामले में पटना हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं। खान सर ने कुछ दिन पहले दावा किया था कि उनके पास इस मामले के अहम सबूत हैं।

13 दिसंबर 2024 को आयोजित बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रीलिम्स परीक्षा को लेकर छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में गड़बड़ी हुई, लेकिन आयोग इसे छिपाने का प्रयास कर रहा है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा के दिन कई सेंटरों पर प्रश्न पत्र आधे घंटे की देरी से मिला, जबकि कुछ कैंडिडेट्स को जल्दी क्वेश्चन पेपर मिल गया था। इसके अलावा, कुछ पेपर फटे हुए थे और पेपर की सील पहले से ही ओपन थी। कई सेंटरों पर कैंडिडेट्स ग्रुप में बैठकर OMR शीट भर रहे थे, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed