
आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के नौ प्रमुख विश्वविद्यालयों के लिए नए वाइस चांसलरों की नियुक्ति की घोषणा की है। इनमें कई प्रमुख और प्रसिद्ध विश्वविद्यालय शामिल हैं। आइए जानते हैं कि किस प्रोफेसर को किस विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आंध्र विश्वविद्यालय के नए वाइस चांसलर के रूप में प्रो. जीपी राजशेखर की नियुक्ति की गई है, जो आईआईटी-खड़गपुर के गणित विभाग से जुड़े हुए हैं। प्रो. राजशेखर की नियुक्ति को आंध्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक ढांचे में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि आंध्र विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी बाहरी संस्थान से वाइस चांसलर की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति विश्वविद्यालय के सुधारों और विकास की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रो. राजशेखर की नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले दो दशकों में यह पहला अवसर है जब आंध्र विश्वविद्यालय ने किसी बाहरी संस्थान से वाइस चांसलर नियुक्त किया है। सरकार विश्वविद्यालय के संरचनात्मक सुधारों, वित्तीय संकट, अवसंरचना की कमी और फैकल्टी की कमी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए काम कर रही है।
प्रो. राजशेखर ने अपनी शिक्षा विशाखापत्तनम में शुरू की और फिर हैदराबाद विश्वविद्यालय से एमएससी, एमफिल और पीएचडी की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने 1997 में हैदराबाद विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और 2002 में आईआईटी-खड़गपुर में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यभार संभाला। वे 2011 में प्रोफेसर के रूप में पदोन्नत हुए थे और वर्तमान में HAG स्केल प्रोफेसर के तौर पर कार्यरत हैं।
इसके अलावा अन्य विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर के रूप में प्रो. प्रसन्ना श्री (आदिकवि नन्नाय विश्वविद्यालय), प्रो. के रामजी (कृष्ण विश्वविद्यालय), प्रो. वी उमा (श्री पद्मावती महिला विश्वविद्यालय), प्रो. एच सुधर्शन राव (जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय), डॉ. वेंकट बसावा राव (रेयालसेमा विश्वविद्यालय), प्रो. आलम श्रीनिवास राव (विक्रमसिंहपुरी विश्वविद्यालय), प्रो. पी प्रकाश बाबू (योगी वेमना विश्वविद्यालय) और प्रो. सीएसआरके प्रसाद (जेएनटीयू-काकीनाडा) का चयन हुआ है।




Add comment