Edinbox Hindi

यूपी सरकार की निशुल्क UPSC/PCS कोचिंग के लिए आवेदन शुरू, 31 मार्च तक नि:शुल्क पंजीकरण

उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग, लखनऊ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली यूपीएससी और पीसीएस फ्री कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) परीक्षा की तैयारी के लिए यह निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है।

विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 25 फरवरी 2025 से 31 मार्च 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के तहत, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के ऐसे पुरुष और महिला अभ्यर्थियों, जिन्होंने स्नातक की डिग्री प्राप्त कर ली है, उन्हें फ्री कोचिंग दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 10 महीने तक छात्रावास में रहने, पुस्तकालय की सुविधा, भोजन और कोचिंग पूरी तरह से निशुल्क दी जाएगी।

प्रवेश परीक्षा और महत्वपूर्ण तिथियां
फ्री कोचिंग के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया 31 मार्च 2025 को समाप्त होगी।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करने से पहले, उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपने पास रखनी होगी:
– हाई स्कूल प्रमाण पत्र
– स्नातक डिग्री प्रमाण पत्र
– फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि)
– हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट साइज फोटो
– स्वहस्ताक्षरित स्कैन कॉपी
– अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

चयन प्रक्रिया
100 अंकों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। प्रत्येक उम्मीदवार को केवल दो बार इस फ्री कोचिंग योजना का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा। आवेदकों की पारिवारिक वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए।

कैसे करें आवेदन?
अभ्यर्थी कोचिंग से जुड़ी पूरी जानकारी, सीटों की संख्या और एडमिशन प्रक्रिया से संबंधित विवरण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट socialwelfareup.upsdc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

यह कोचिंग यूपी के सिविल सेवा परीक्षार्थियों के लिए एक बेहतरीन अवसर हो सकती है। इच्छुक उम्मीदवार जल्द से जल्द आवेदन करें!

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed