Edinbox Hindi

सैम पित्रोदा ने दी सफाई, कहा- आईआईटी रुड़की में बोलते वक्त हुआ था अश्लील कंटेंट का प्रसारण

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद कांग्रेस के विदेश शाखा के प्रमुख सैम पित्रोदा ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि वह आईआईटी रुड़की में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे, जब उनके भाषण के तुरंत बाद हैकर्स ने वीडियो कॉल को हैक कर लिया और अश्लील कंटेंट स्क्रीन पर चलने लगा। इससे पहले, पित्रोदा ने दावा किया था कि यह घटना आईआईटी रांची में घटी थी, जिस पर शिक्षा मंत्रालय ने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी।

शिक्षा मंत्रालय ने जताई थी नाराजगी
बुधवार रात को शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा था, “यह स्पष्ट किया जाता है कि रांची में कोई आईआईटी नहीं है। वीडियो में किए गए दावे न केवल आधारहीन हैं, बल्कि यह अज्ञानता को भी दर्शाते हैं। रांची में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) है, और आईआईआईटी, रांची ने भी पुष्टि की है कि उन्होंने सैम पित्रोदा को किसी सम्मेलन या सेमिनार में भाषण देने के लिए आमंत्रित नहीं किया था।” मंत्रालय ने यह भी कहा कि “एक प्रतिष्ठित संस्थान की छवि को नुकसान पहुँचाने के लिए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।”

सैम पित्रोदा ने दी सफाई
शिक्षा मंत्रालय की नाराजगी के बाद, गुरुवार को सैम पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर सफाई दी। उन्होंने लिखा, “मुझे आईआईटी रुड़की में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। यह कार्यक्रम 1 फरवरी 2025 को आयोजित हुआ था, जिसमें मैंने जूम कॉल के जरिए छात्रों और फैकल्टी को संबोधित किया। दुर्भाग्य से, मेरे भाषण के कुछ मिनट बाद एक हैकर ने वीडियो कॉल को हैक कर लिया और अश्लील कंटेंट स्ट्रीम करने लगा। हम तुरंत वीडियो कॉल को बंद कर दिया और इवेंट को भी समाप्त कर दिया। यह घटना बेहद परेशान करने वाली है, खासकर एक शैक्षिक संस्थान में जो सीखने और विकास का स्थल है। यह साइबर सुरक्षा के महत्व को फिर से रेखांकित करती है और हमें डिजिटल सुरक्षा और निगरानी के महत्व की याद दिलाती है।”

पित्रोदा के दावे पर हंगामा
इससे पहले, एक वेबकास्ट के दौरान सैम पित्रोदा ने दावा किया था कि आईआईटी रांची में छात्रों से वर्चुअली बात करते हुए स्क्रीन पर अश्लील कंटेंट दिखने लगा था। पित्रोदा के इस दावे पर काफी हंगामा मचा था, जिसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर उनके दावे पर सवाल उठाए थे। अब, पित्रोदा ने अपनी सफाई पेश की है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed