
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT Madras) ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए ‘विज्ञान ओलंपियाड उत्कृष्टता’ (ScOpE) कोटा की शुरुआत की है। इसके तहत, आईआईटी मद्रास में प्रत्येक यूजी पाठ्यक्रम में दो अतिरिक्त सीटें उन छात्रों के लिए आरक्षित की जाएंगी, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह घोषणा आईआईटी मद्रास के निदेशक वी कामकोटि ने की।
इस कोटे के तहत प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड की आवश्यकता नहीं होगी। प्रत्येक यूजी पाठ्यक्रम में दो सीटें ओलंपियाड में अच्छे प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए आरक्षित होंगी, जिनमें से एक सीट महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होगी। ओलंपियाड कोटा के तहत पंजीकरण प्रक्रिया 3 जून से शुरू होगी और यह सीटें 2025-26 शैक्षणिक सत्र से उपलब्ध कराई जाएंगी।
उम्मीदवारों का चयन ScOpE रैंक सूची (SRL) के आधार पर किया जाएगा, जो संबंधित ओलंपियाड में उम्मीदवार के प्रदर्शन पर विचार करेगी। यह पहल मौजूदा आईआईटी मद्रास खेल और सांस्कृतिक कोटा के समान है। पिछले साल, आईआईटी मद्रास ने खेल कोटा के तहत अपने स्नातक इंजीनियरिंग कार्यक्रम में पांच छात्रों को प्रवेश दिया था।
आईआईटी मद्रास ओलंपियाड एडमिशन कोटा के लिए पात्र होने के लिए, उम्मीदवारों को भारतीय नागरिक या ओसीआई, पीआईओ कार्डधारक (4 मार्च, 2021 से पहले जारी) होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों को पिछले चार वर्षों में निम्नलिखित में से किसी एक में भाग लेना चाहिए:
– होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (HBCSE) द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गणितीय ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर (IMOTC)
– एचबीसीएसई द्वारा भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लिए अभिविन्यास-सह-चयन शिविर (OCSC)
– भारतीय कम्प्यूटर विज्ञान अनुसंधान संघ (IARCS) द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सूचना विज्ञान ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर (IOITC)
ओलंपियाड कोटे के तहत आईआईटी मद्रास में प्रवेश के लिए पात्रता मानदंड जेईई (Advanced) के समान ही रहेंगे, जिसमें कक्षा 12वीं की योग्यता, आयु सीमा और पिछले वर्षों में आईआईटी में प्रवेश न होना शामिल है।
निदेशक कामकोटि ने कहा, “दुनिया की सबसे बड़ी पहेलियां पाठ्यपुस्तकों को याद करके हल नहीं होती हैं, बल्कि उन लोगों द्वारा हल की जाती हैं जो उन्हें टुकड़े-टुकड़े करके तोड़ने की हिम्मत करते हैं और भविष्य की पीढ़ियों के लिए नए आश्चर्य पैदा करते हैं। इस दृष्टि से, हम विज्ञान ओलंपियाड में उत्कृष्टता दिखाने वाले उम्मीदवारों के लिए हमारे प्रतिष्ठित स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश की पेशकश करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “विज्ञान ओलंपियाड के अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने वालों को हम न केवल प्रवेश देते हैं, बल्कि हम एक ऐसा अभयारण्य प्रदान करते हैं जहां उनकी अतृप्त जिज्ञासा आनंदमय आईआईटी मद्रास वनस्पतियों और जीवों के बीच अपनी सबसे उपजाऊ जमीन पा सकेगी।”
ScOpE के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया JoSAA पोर्टल के माध्यम से नहीं, बल्कि आईआईटी मद्रास द्वारा संचालित एक अलग पोर्टल पर होगी।




Add comment