Edinbox Hindi

छह से आठ हफ्तों के अंदर होगा जेएनयू में छात्रसंघ चुनाव, अधिसूचना जारी; जल्द होगी तिथि घोषित

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रसंघ चुनाव का इंतजार खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिसूचना जारी करते हुए घोषणा की कि आगामी 6 से 8 हफ्तों के भीतर चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। छात्रसंघ के नेतृत्व में छात्र बीते पांच दिनों से डीओएस कार्यालय का घेराव कर रहे थे, जिसके बाद यह अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना के अनुसार, 2024-25 के छात्रसंघ चुनाव पीएचडी छात्रों के लिए 3 मार्च से शैक्षणिक सत्र शुरू होने की तिथि से अगले 6 से 8 सप्ताह के भीतर आयोजित किए जाएंगे। चुनाव की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी, और इसमें विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। जेएनयू छात्रसंघ और छात्र मिलकर चुनाव कराते हैं।

अब विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों और केंद्रों के काउंसलर व छात्र संघ पदाधिकारी जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) आयोजित करेंगे। इसके बाद एक समिति का गठन किया जाएगा, जो एक छात्र को चुनाव अधिकारी नियुक्त करेगी। चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के बाद ही चुनाव की तिथि औपचारिक रूप से घोषित की जाएगी।

पिछले चुनाव में वाम संगठनों की जीत
पिछले वर्ष हुए छात्रसंघ चुनाव में वामपंथी छात्र संगठनों के गठबंधन को जीत मिली थी। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के धनंजय अध्यक्ष चुने गए थे, जबकि स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के अविजीत घोष उपाध्यक्ष बने थे। बिरसा अंबेडकर फुले स्टूडेंट्स एसोसिएशन (BAPSA) की प्रियांशी सचिव और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के साजिद संयुक्त सचिव चुने गए थे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed