Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय में बीए प्रोग्राम में दाखिले के लिए CUET UG में जनरल टेस्ट देना होगा अनिवार्य

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में बीए प्रोग्राम में दाखिले के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) में जनरल टेस्ट देना अनिवार्य होगा। स्नातक के किसी भी प्रोग्राम में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय केवल CUET स्कोर को ही मान्य करेगा।

बारहवीं के अंक केवल टाई-ब्रेकिंग के लिए होंगे मान्य
बारहवीं के अंकों का उपयोग केवल टाई-ब्रेकिंग के लिए किया जाएगा, और बीते वर्ष के CUET स्कोर पर विचार नहीं किया जाएगा। हालांकि, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL), नॉन-कोलेजिएट वीमेन एजुकेशन बोर्ड (NCWEB) और विदेशी छात्रों के लिए CUET अनिवार्य नहीं होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय ने यह जानकारी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के स्नातक दाखिलों के लिए आयोजित वेबिनार के माध्यम से दी।

CUET विषय चयन और परीक्षा पैटर्न
पहले वेबिनार में DU के 69 कॉलेजों में 79 स्नातक (UG) प्रोग्राम में दाखिले की प्रक्रिया, CUET परीक्षा पैटर्न और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी दी गई। वेबिनार में डीन एडमिशन प्रो. हनीत गांधी और संयुक्त डीन डॉ. आनंद सोनकर ने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

वेबिनार में बताया गया कि CUET में इस वर्ष पांच विषय चुने जा सकते हैं। छात्रों को वही विषय चुनने होंगे, जो उन्होंने बारहवीं में पढ़े हैं। विषय चयन के विकल्प होंगे, चार विषय + एक जनरल टेस्ट, तीन विषय + एक भाषा, दो भाषा + दो विषय। इसके अलावा, DU में दाखिले के लिए किसी एक भाषा में CUET देना अनिवार्य होगा।

स्ट्रीम में बदलाव की सुविधा
यदि किसी छात्र ने बारहवीं में विज्ञान (Science) विषय पढ़ा है और वह स्नातक में कला (Arts) विषयों के साथ पढ़ाई करना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है। इससे उसके अंकों का नुकसान नहीं होगा। हालांकि, छात्रों को CUET देने से पहले DU की कॉमन न्यूनतम योग्यता और प्रोग्राम संबंधी पात्रता को जरूर देखना चाहिए।

DU में 79 प्रोग्राम की अलग-अलग पात्रताएँ
छात्रों को वही विषय चुनने होंगे जो उन्होंने बारहवीं में पढ़े हैं। सभी बोर्डों से बारहवीं उत्तीर्ण छात्र पात्र होंगे, लेकिन यदि किसी छात्र की कंपार्टमेंट आई होगी, तो वह आवेदन नहीं कर पाएगा। CUET के परिणाम जारी होने के बाद कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के तहत सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी।

छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
1. CUET के बाद DU का कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल शुरू होगा। छात्रों को इसमें पंजीकरण कर सभी कॉलेज और कोर्स के विकल्प भरने होंगे।
2. CUET आवेदन करते समय सही जानकारी भरें:
– नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और बैंक विवरण सही भरें।
– ईमेल और मोबाइल नंबर वही दें जो सक्रिय हो।
3. दस्तावेज पहले से तैयार करें। दस्तावेजों की कमी के कारण दाखिले से वंचित हो सकते हैं।
4. CUET का फॉर्म भरने से पहले DU का सूचना बुलेटिन जरूर पढ़ें।
5. जनरल टेस्ट किसी विशेष विषय से संबद्ध नहीं होता, इसलिए इसकी अलग से मैपिंग की जरूरत नहीं है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों को इन सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक होगा ताकि वे प्रवेश प्रक्रिया में किसी परेशानी का सामना न करें।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed