
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश परीक्षाएं 9 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए विवि प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले छात्रों को मेटल डिटेक्टर और बायोमीट्रिक जांच से गुजरना होगा, साथ ही उनकी फोटो से भी मिलान किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था
एएमयू परिसर के अलावा लखनऊ, कोलकाता, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर सहित देश के अन्य शहरों में भी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सबसे पहले 9 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विभाग में स्नातक पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी।
सुरक्षाकर्मियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
विवि में मेटल डिटेक्टर के इस्तेमाल के लिए सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें नकल के लिए प्रयोग होने वाले उपकरणों, तरीकों और उन्हें पकड़ने की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी उमर पीरजादा के अनुसार, प्रवेश परीक्षाएं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सघन जांच के लिए स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है।
डीएफएमडी और एचएचएमडी से होगी जांच
परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, घड़ी आदि वस्तुएं लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा कक्ष के बाहर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) लगाए जाएंगे, जबकि प्रॉक्टर कर्मियों के पास हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) होंगे।
प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल
– 09 अप्रैल: बीए (ऑनर्स) – फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, इंटरनेशनल स्टडीज
– 13 अप्रैल: बीएससी (ऑनर्स) कृषि (सेल्फ फाइनेंस), बीएससी (ऑनर्स) लाइफ साइंस, बी.कॉम. (ऑनर्स), बीए (ऑनर्स) सामाजिक विज्ञान
– 16 अप्रैल: बीएससी/पैरामेडिकल डिप्लोमा, बीआरटीटी
– 20 अप्रैल: बीटेक/बीआर्क (पेपर-I), बीए एलएलबी
– 22 अप्रैल: बीएससी नर्सिंग
– 27 अप्रैल: इंजीनियरिंग डिप्लोमा, सीनियर सेकेंडरी स्कूल (विज्ञान, मानविकी, कॉमर्स), ब्रिज कोर्स (10+2 समकक्ष ओरिएंटल योग्यता)




Add comment